पीआरडी जवानों ने की वर्षभर रोजगार देने की मांग
पिथौरागढ़: प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों ने वर्षभर रोजगार देने की मांग की है। पीआरडी में अधिक
पिथौरागढ़: प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों ने वर्षभर रोजगार देने की मांग की है। पीआरडी में अधिकतम उम्र सीमा 50 वर्ष करने पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय में पीआरडी जवानों की एक बैठक हुई। बैठक में शासन द्वारा जारी प्रातीय रक्षक दल स्वयं सेवकों की अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित किए जाने संबंधी शासनादेश पर गहरी नाराजगी जताई गई। विकासखंड कनालीछीना के ब्लॉक कमांडर राजेंद्र सिंह दिगारी ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से वर्षभर रोजगार प्रदान कराने के लिए संघर्षरत हैं। ऊपर से आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित किया जाना पीआरडी जवानों के साथ अन्याय है। विकासखंड मूनाकोट हल्का सरदार सतीश चंद्र पंत ने कहा कि पूर्व में विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन में 6 माह तक 63 जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया था। उन्हें भी एक वर्ष बीत जाने के बाद भुगतान नहीं किया गया है। जिस कारण जवानों के परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट मंडरा रहा है। वहीं पीआरडी में भर्ती हुईं प्रदेश की 650 महिलाएं रोजगार न मिलने से हताश व निराश हैं।