नेपाल बार्डर पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश
जागरण संवाददाता, चम्पावत : डीआइजी पुष्कर सिंह सैलाल ने पुलिस लाइन व दफ्तर का वार्षिक निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, चम्पावत : डीआइजी पुष्कर सिंह सैलाल ने पुलिस लाइन व दफ्तर का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर पंजाब में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर नेपाल बार्डर पर चौकसी बढ़ाने व अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।
डीआइजी सैलाल ने सोमवार को पुलिस लाइन व दफ्तर का निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने अधिकारियों, कोतवाल व दरोगाओं की बैठक ली। कर्मचारियों की भी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि पंजाब में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी है। अधिकारियों को नेपाल बार्डर पर सघन चेकिंग करने के साथ ही चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर आने जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जाए। भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पुलिस की पैनी निगाह होनी चाहिए। डीआइजी ने अधिकारियों को आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर कड़ी निगाह रखने और उन पर निरोधात्मक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।
बाद में पत्रकार वार्ता करते हुए सैलाल ने कहा कि जिले में लॉ एंड आर्डर की स्थिति संतोषजनक है। कुछ विवेचनाएं लंबित हैं, जिनके निपटारे के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। माना कि नकबजनी व चोरी की घटनाओं में कुछ वृद्धि हुई। पुलिस को गश्त बढ़ाने को कहा गया है। बताया कि थाना भवनों के निर्माण संबंधी प्रस्तावों पर तेजी से काम हो रहा है। इस दौरान एसपी डीएस कुंवर, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल देवेंद्र दिगारी, कमल राम, एसओ पीएस दानू, मनोज रतूड़ी, प्रभात कुमार, चंद्रशेखर कन्याल, एनडी भट्ट आदि मौजूद थे।
=== इनसेट ===
बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता
चम्पावत: डीआईजी पीएस सैलाल ने कहा पहाड़ में महिलाओं से संबंधित अपराधों में वृद्धि हुई है, जो चिंतनीय है। बहला फुसला कर भगा ले जाना। शादी के नाम पर भी पहाड़ की महिलाओं को इधर उधर ले जाया जा रहा है। इस तरह के मामलों में पुलिस हर संभव मदद कर रही है। फिर भी ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है। जन सहभागिता से ही इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। पुलिस अफसरों को आसपास के गांवों में जाकर महिलाओं से बातचीत कर उन्हें जागरूक करने के भी निर्देश दिए हैं।
=== इनसेट ===
मानव तस्करी के प्रति पुलिस गंभीर
चम्पावत: नेपाल में आए भूकंप के बाद हो वहां से भारत में मानव तस्करी होने के सवाल पर डीआइजी ने कहा कि यह काफी चिंतनीय विषय है। पुलिस इसे रोकने के लिए काफी गंभीर है। बनबसा में एंटी ह्यूमैन ट्रेफिकिंग सेल व एनजीओ रीड्स अच्छा काम कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में कई महिलाओं व बच्चों को छुड़ाया गया है।