कार्य बहिष्कार से आम आदमी बेहाल
चम्पावत : मिनिस्टीरियल कर्मियों के कार्यबहिष्कार से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूरदराज से कलक्ट्रेट व तहसील में आने वाले कई लोग दूसरे रोज भी बैरंग लौटे। हड़ताल के कारण विभिन्न प्रमाण पत्रों, खाता खतौनी की नकल सहित लोगों के तमाम जरूरी काम नहीं हो पा रहे हैं।
गुरुवार को कलक्ट्रेट में संघ के जिलाध्यक्ष गुसाई सिंह किरौला की अगुवाई में कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार जारी रखा। इस दौरान आयोजित सभा में बोलते हुए कर्मचारी संघ के प्रदेश संरक्षक ललिता प्रसाद पाठक ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, वह आंदोलन जारी रखेंगे। कार्यबहिष्कार करने वालों में हाजी एसए सिद्दीकी, नवीन देउपा, विशन सिंह गब्र्याल, ललित मोहन उप्रेती, प्रकाश चंद्र, पूरन राम टम्टा, ईश्वरी राम, नवीन राम, राजेंद्र प्रसाद, डिकर नाथ, मोहन राम, हिमांशु वर्मा, भगवत पांडेय आदि शामिल रहे।
पिथौरागढ़ : कलेक्ट्रेट कर्मी दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार पर डटे रहे। कर्मचारियों ने नारेबाजी कर जिला कार्यालय परिसर में धरना दिया। धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि तीन सूत्रीय मांगों को लेकर कई बार आंदोलन कर चुके कर्मचारियों को प्रदेश सरकार ने अब तक सिर्फ गुमराह किया है। 15 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। सभा की अध्यक्षता निर्मला पांगती ने और संचालन चन्द्रमोहन पांडे ने किया। धरना देने वाले कर्मचारियों में कमला नाथ, मीरा पांडेय, महिमन कुमार जोशी, देवेश पांडे, प्रवीण डीनियां, कमल किशोर पांडे आदि शामिल थे।
वहीं कलेक्ट्रेट कर्मियों के कार्य बहिष्कार से विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने का काम ठप पड़ा हुआ है। आपदा पुनर्निर्माण की फाइलें भी आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। दूरदराज से आने वाले लोग खाली हाथ वापस लौट रहे हैं।
टनकपुर : मिनिस्टीरियल कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी है। गुरुवार को तहसील परिसर में हुई सभा में संगठन के जिला उपाध्यक्ष राहुल उपाध्याय ने बताया कि नायब तहसीलदार के सीधी भर्ती के पदों से 10 फीसद पदोन्नति कलक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मियों का प्रदान किए जाने, कलक्ट्रेट का पुनर्गठन का शासनादेश जारी करने व कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मियों की शैक्षिक योग्यता स्नातक किए जाने की मांग की गई है। कर्मियों के कार्य बहिष्कार से तहसील में काम काज ठप है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।