चारों धाम में बर्फबारी, बढ़ी ठंड
जागरण टीम, गढ़वाल: रविवार को गंगोत्री- यमुनोत्री, बदरी- केदार समेत औली में फिर बर्फबारी हुई। इससे न
जागरण टीम, गढ़वाल: रविवार को गंगोत्री- यमुनोत्री, बदरी- केदार समेत औली में फिर बर्फबारी हुई। इससे निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए शहरी क्षेत्रों में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
रविवार को चमोली जिले में दिनभर मौसम की आंख मिचौनी जारी रही। दोपहर तक सभी स्थानों पर कभी धूप तो कभी आसमान पर बादल छाए रहे। दोपहर बाद निचले क्षेत्रों में तो धूप खिली रही। परंतु बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, कागभुसंडि समेत अन्य ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद पूरा जिला एक बार फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है।
रुद्रप्रयाग में रविवार को मौसम में आए अचानक बदलाव के चलते दोपहर 2 बजे बाद केदारनाथ समेत कई ऊंची पहाड़ियों पर बर्फ गिरनी शुरू हो गई। जो देर शाम तक जारी रही। इससे निचले इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया। बर्फबारी के चलते केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य भी इससे प्रभावित हुए। वहीं जिला मुख्यालय में बादलों के साथ हल्की धूप रही। इसके अलावा तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, फाटा, चोपड़ा, चोपता समेत कई स्थानों पर बादल छाए रहे।
उत्तरकाशी में शनिवार शाम से गंगोत्री, यमुनोत्री में बर्फबारी हुई। इसके बाद रविवार दिन भर मुखबा, खरसाली, हर्षिल, सुक्की टॉप, हरकीदून, केदारकांठा, भैरवघाटी सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से मौसम बेहद ही ठंडा हो गया है। वहीं बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे धराली से आगे बंद हो गया।
नई टिहरी आसमान में बादल छाए रहने से नई टिहरी में लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ा। दिनभर चली ठंडी हवा से लोग परेशान रहे। सर्दी से बचने के लिए अधिकांश लोग कमरों से बाहर नहीं निकले। वहीं दिन में कई बार बिजली गुल रहने के कारण लोग ठिठुरने को मजबूर हुए। आस-पास की पहाड़ियों बर्फ जमी होने के कारण बर्फीली हवा चलती रही।
अवकाश घोषित
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी टिहरी इंदुधर बौड़ाई ने बताया कि प्रदेश के मौसम विभाग ने16 व 17 जनवरी को पर्वतीय क्षेत्र में भारी वर्षो और हिमपात होने की चेतावनी दी है। इसलिए सरकारी एवं गैर सरकारी प्राइमरी से इंटर कॉलेजों में 16 व 17 को अवकाश घोषित किया गया है।