महिलाअें ने किया डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: नैल कुड़ाव गांव की राजस्व भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाते महिलाओं ने जिलाधिका
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: नैल कुड़ाव गांव की राजस्व भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाते महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी अशोक कुमार के संबंधित को नोटिस जारी कर कार्रवाई का भरोसा देने के बाद महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।
दशोली विकासखंड के नैल कुड़ाव गांव की महिलाओं ने गांव की राजस्व भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के संबंध में शिकायती पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। महिलाओं का कहना था कि गांव की राजस्व भूमि और उनके गोचर पर कुछ लोगों ने कब्जा किया गया था। शिकायत के बाद राजस्व पुलिस ने कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। राजस्व पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अतिक्रमणकारियों ने कब्जा छोड़ दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि फिर से राजस्व व गोचर की भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। इस संबंध में जब ग्रामीण कब्जा अपने स्तर से हटाने की कोशिश कर रहे थे तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि राजस्व भूमि पर अतिक्रमण के बाद अब उनके मवेशियों के सामने चारे का संकट पैदा हो गया है। गोचर में चरान के रास्ते बंद कर दिए गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर तत्काल अतिक्रमण को हटाने की मांग की। ग्रामीणों के गुस्से को देखते जिलाधिकारी ने तत्काल अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर माहेश्वरी देवी, देवेश्वरी देवी, सुनीता देवी, संगीता देवी, गीता देवी, विनीता देवी, जितेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, कल्पेश्वरी देवी, विमला देवी, सोबत सिंह समेत कई ग्रामीण शामिल थे।