ग्रामीणों ने सड़क किनारे किया पौधारोपण, ली शपथ
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : स्व. चक्रधर तिवारी पर्यावरण व सामाजिक संगठन की ओर से चलाए जा रहे संकल्प अभि
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : स्व. चक्रधर तिवारी पर्यावरण व सामाजिक संगठन की ओर से चलाए जा रहे संकल्प अभियान के तहत रविवार को दशोली विकासखंड के टंगसा गांव में पलसारी-बमियाला मोटर मार्ग के किनारे औषधीय व शोभादार प्रजाति के 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
संगठन संकल्प अभियान के अंतर्गत अभी तक पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में गोपेश्वर नगर व आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण के साथ ही आम लोगों को पौधों के संरक्षण पर कार्य कर चुका है। रविवार को संकल्प अभियान के अंतर्गत दशोली विकासखंड के टंगसा गांव की बंजर भूमि के साथ-साथ मोटर मार्ग के किनारे पैंया, पीपल, तेजपत्ता, आंवला, बोटलब्रश, रीठा, चूरा समेत अन्य औषधीय व शोभादार प्रजाति के पौधे रोपे गए। संकल्प अभियान के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से रोपे गए पौधों के संरक्षण की शपथ भी दिलाई। संकल्प अभियान के संयोजक मनोज तिवाड़ी ने कहा कि पौधों के रोपण के बाद उनके संरक्षण का कार्य करते हुए कम ही लोगों को देखा जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण में भी आगे आएं ताकि चमोली जिले में फिर से हरियाली लौट सके। संकल्प अभियान के सदस्य दिनेश तिवाड़ी ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर वन पंचायत सरपंच दमयंती देवी, रिंकू बिष्ट, रजपाल सिंह, भागीरथी देवी, माहेश्वरी देवी, सरोज सिंह, महेंद्र सिंह, नंदी तिवाड़ी, संदीप तिवाड़ी, गीता देवी, राजा तिवाड़ी, शिव सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।