पॉलीथिन उन्मूलन के लिए निकाली जागरुकता रैली
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: नगर पालिका क्षेत्र को पॉलीथिन मुक्त करने के लिए उम्मीदें ग्रुप ने हाथ ब
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर:
नगर पालिका क्षेत्र को पॉलीथिन मुक्त करने के लिए उम्मीदें ग्रुप ने हाथ बढ़ाए हैं। ग्रुप के सदस्यों के साथ स्कूली बच्चों ने पॉलीथिन उन्मूलन को लेकर नगर में रैली निकालकर लोगों को कपड़े के थैले बांटे। साथ ही, कलेक्ट्रेट में आम जनता के साथ अधिकारियों को भी पॉलीथिन उन्मूलन की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी को भी ज्ञापन देकर पॉलीथिन को पूर्ण प्रतिबंधित करने के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा।
सोमवार को तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक उम्मीदें ग्रुप के सदस्य गोपीनाथ मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां से कलेक्ट्रेट तक विशाल रैली निकाली गई। गोपीनाथ मंदिर से लेकर कलेक्ट्रेट तक सदस्यों ने रास्ते में व्यापारियों, छात्र-छात्राओं सहित राहगीरों से कपड़े के थैले देते हुए पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने की शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट में पहुंचने पर उम्मीदें ग्रुप के सदस्यों ने अधिकारियों, कर्मचारियों से भी पॉलीथिन का प्रयोग न करने की अपील की। जागरुकता रैली में कार्यक्रम के संयोजक मनोज बिष्ट, मनोज तिवारी, अजय शाह, कला पाठक, पुष्कर रावत, ममता भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत समेत कई लोग शामिल थे।
----------