उम्मीदें ग्रुप ने चलाया स्वच्छता अभियान
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : सरकार व प्रशासन भले ही पर्यटन स्थलों पर पड़े कूड़े को साफ करने के लिए चुप्पी
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : सरकार व प्रशासन भले ही पर्यटन स्थलों पर पड़े कूड़े को साफ करने के लिए चुप्पी साधे हो, लेकिन स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए उम्मीदें ग्रुप ने पर्यटन स्थल चोपता में पड़े कूड़े-कचरे को एकत्रित कर नगरपालिका के सहयोग से उसे नष्ट भी किया। उम्मीदें ग्रुप अब अन्य पर्यटन स्थलों में जाकर साफ-सफाई करने की रणनीति बना रहा है।
गोपेश्वर-केदारनाथ मोटर मार्ग पर स्थित पर्यटन स्थल चोपता में स्वच्छता अभियान की शुरुआत नगरपालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप सिंह रावत ने की। समाज सेवा के लिए कार्य कर रहे उम्मीदें ग्रुप के सदस्यों ने चोपता व आसपास के बुग्यालों में पर्यटकों की ओर से फेंके गए प्लास्टिक व अन्य कूड़े को एकत्रित किया। इस ग्रुप के सदस्यों ने यहां से छह क्विंटल से अधिक जैविक व अजैविक कूड़ा एकत्रित किया। नगरपालिका के वाहन से इस कूड़े को गोपेश्वर लाकर नष्ट किया गया। उम्मीदें ग्रुप के सदस्य मनोज तिवारी ने बताया कि पर्यटन स्थलों व विशेषकर हिमालयी क्षेत्रों में प्लास्टिक कूड़ा यहां की जैव विविधता के लिए भी खतरनाक है। उन्होंने कहा कि कूड़ा इधर उधर फेंकने के बजाय एक ही स्थान पर एकत्रित करें। पर्यटन स्थल से कूड़ा एकत्रित करने के बाद चोपता बाजार में लोगों ने जागरुकता अभियान चलाकर व्यापारियों व पर्यटकों से भी पर्यटन स्थलों की सुंदरता को बदरंग न करने की अपील की। इस अभियान में दिनेश तिवारी, मनोज बिष्ट, अजय शाह, देव सिंह, अनूप रावत, मोहन अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद थे।