अतिक्रमण से नाराज महिलाओं ने डीएम को घेरा
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : नगर में अतिक्रमण से नाराज महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्र
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : नगर में अतिक्रमण से नाराज महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन की चुप्पी पर रोष जताया। महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर न मिलने के बाद पेट्रोल पंप पर कृषि महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे जिलाधिकारी का घेराव कर विरोध दर्ज किया। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने भी महिलाओं के शिकायती पत्र पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
नैग्वाड़ की महिला मंगल दल की सदस्यों का कहना है कि उनके मिलन केंद्र से लगी भूमि सहित आसपास की भूमि पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन, प्रशासन के अधिकारी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हैं। इससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। महिलाओं ने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से शहर की सुंदरता को भी ग्रहण लग रहा है। महिलाओं ने जिलाधिकारी से तत्काल अतिक्रमण ध्वस्त कराने व अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि अगर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे वृहद आंदोलन करेंगे। आंदोलनकारियों का नेतृत्व सरस्वती देवी, इंदु बड़वाल, लीला देवी, पुष्पा देवी, मनोरमा देवी, आनंदी, कश्मीरा देवी, महेशी देवी, कलावती देवी आदि कर रहे थे।