खेल मैदान को राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम में बदलने की कवायद
संवाद सहयोगी, गैरसैंण: गैरसैंण स्थित जीआइसी खेल मैदान को राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम में तब्दील करने की कवायद तेज हो गयी है। बीते रविवार को उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के साथ मैदान के स्थलीय निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गयी।
निरीक्षण के दौरान जीआइसी मैदान से सटे उद्यान विभाग, ब्लाक व जीआइसी की खाली पड़ी भूमि के संबंध में उपजिलाधिकारी से निरीक्षण दल ने अन्य जानकारी भी जुटाई। गौरतलब है कि चार माह पूर्व गैरसैंण सभा सत्र के दौरान सूबे के मुखिया की ओर से जीआइसी मैदान को राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का रूप देने की बात कही गयी थी। इस पर कार्यवाही करते हुए उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक आर के अग्रवाल ने रविवार को यहां पहुंचकर भूमि उपलब्धता की जानकारी जुटायी। निगम प्रबंधक ने कहा कि मुख्य स्टेडियम के लिए 200 मी. लंबे व 90 मी. चौड़े भूभाग की आवश्यकता होगी जिसे जीआइसी मैदान का विस्तारीकरण कर प्राप्त किया जा सकता है किन्तु इंडोर गेम्स के कोड, चेंजिग रूम व खिलाड़ियों के ठहरने के लिए हास्टल के लिए उपलब्ध जीआइसी मैदान के अतिरिक्त भूमि की आवश्कता होगी। इस पर उपजिलाधिकारी गैरसैंण केएस नेगी ने निगम से आवश्यक भूमि के लिए भूक्षेत्र का विवरण उपलब्ध कराने की बात कही है। इस मौके पर जीएमवीएन निदेशक सुरेश बिष्ट, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष पुष्कर सिंह रावत, विधायक प्रतिनिधि पूरन सिंह नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।