Move to Jagran APP

भाजपा पर बरसे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष

By Edited By: Published: Sat, 20 Sep 2014 06:55 PM (IST)Updated: Sat, 20 Sep 2014 06:55 PM (IST)
भाजपा पर बरसे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष

संवाद सहयोगी, गैरसैंण: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को 2017 चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान करते हुए सरकार से चलाई जा रही योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही। भाजपा पर राजधानी मुद्दे को भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में ही बनेगी।

loksabha election banner

गैरसैंण के विकास भवन में शनिवार को आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भाजपा को अनर्गल बयानबाजी से बाज आने की नसीहत देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार से सूबे के लिए धन की मांग करना भीख नहीं है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष कर्णप्रयाग विधायक डा.एपी मैखुरी ने सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यो पर कार्यकर्ताओं को नजर रखने की बात कही। कहा कि जनता से किये वायदों पर खरा उतरने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को पुरजोर प्रयास करने होंगे। इस मौके पर दर्जाधारी धीरेन्द्र प्रताप ने राज्य के लिए दोनों राजधानियों का होना आवश्यक बताते हुए कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत गैरसैंण में राज्य आन्दोलनकारी विश्राम गृह बनाया जाएगा। साथ ही प्रदेश के 100 गांवों को चिन्हित कर शिक्षित किये जाने की योजना पर कार्य होगा। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के गैरसैंण पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा गैरसैंण मुख्य बाजार में किराये के भवन पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। भराड़ीसैंण में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय हेतु भूमि चयन कर त्वरित गति से इस पर कार्य करने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए। इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भराड़ीसैंण में निर्माणाधीन विधानसभा परिसर के कार्यो का भी जायजा लिया और निर्माणदायी संस्था एनबीसीसी की दिक्कतों को सुलझाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, पूर्व विधायक राजेश ज्वांठा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरि सिंह रावत, गैरसैंण ब्लाक प्रमुख सुमति बिष्ट, जीएमवीएन निदेशक सुरेश बिष्ट, ब्लाक अध्यक्ष बृजलाल, दीवान सिंह, गोपाल दत्त, पूरण सिंह, हरेन्द्र कंडारी, अजीत शाह आदि मौजूद थे।

----------


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.