दो नदियों के बीच प्यासी है बागनाथ नगरी
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : सरयू व गोमती नदियों के बीच बसी बागनाथ नगरी बागेश्वर में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। जल संस्थान की लापरवाही के चलते बागेश्वर नगर की पेयजल व्यवस्था चरमरा गयी है। विभिन्न वार्डाे में एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ता परेशान हैं तथा नदियों व नालों का दूषित जल पीने को मजबूर हैं।
पेयजल व्यवस्था को चाक चौबंद रखने का दावा करने वाला जल संस्थान उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। विगत एक सप्ताह से नगर सहित आस पास के गांवों में पानी की आपूर्ति ठप हो गयी है। उपभोक्ताओं में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। कई बार जल संस्थान से गुजारिश करने के उपरांत भी पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं की जा रही है। नगर के ठाकुरद्वारा, कत्यूर बाजार, नुमाइश, ज्वालादेवी, माजियाखेत, मंडलसेरा, भीलेश्वर, घटबगड़ वार्ड सहित विभिन्न वार्डो में पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। उपभोक्ताओं ने बताया कि कई बार सूचित करने के उपरांत भी जल संस्थान पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं कर पा रहा है जिस कारण लोग नदियों तथा स्रोतों का दूषित जल पीने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं की तो जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इधर जल संस्थान के ईई संजीव मिश्र ने बताया कि सरयू नदी में बाढ़ आने के कारण पंप में खराबी आयी है जिस कारण पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है।