प्रत्याशी घोषित होते ही भाजपा में बगावत
-कार्यकर्ताओं ने दिया सामूहिक रूप से इस्तीफा
- शिव सिंह बिष्ट की उपेक्षा का आरोप
- भाजपा में मची खलबली
संवादसूत्र, गरुड़ : भाजपा द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए गोविन्द दानू को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा में बगावत हो गई है। गरुड़ मंडल कार्यकारिणी सहित जिला और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की एक प्रति पार्टी हाईकमान को दे दी गई है।
टीआरसी बैजनाथ में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कै.जंग बहादुर सिंह दोसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने समर्पित कार्यकर्ता शिव सिंह बिष्ट को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने पर नाराजगी जताई। कहा कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ता की उपेक्षा की जा रही है। वक्ताओं ने
कहा कि गोविन्द दानू जिला पंचायत सदस्य पद पर पार्टी के अधिकृत नहीं थे। गोविन्द दानू को जहां केवल बीस वोटों के अंतर से जीत हासिल हुई थी वहीं शिव सिंह बिष्ट 4 हजार मतों के अंतर से जीते थे। इसके बाद सभी पार्टी पदाधिकारियों ने जुझारु कार्यकर्ता की उपेक्षा से खिन्न होकर इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। इस्तीफे की एक प्रति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को भेज दी गई है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के एक साथ इस्तीफा देने से भाजपा में खलबली मची हुई है। इस्तीफा देने वालों में भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिगंबर नाथ गोस्वामी, जिला मंत्री मंगल राणा, मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र गोस्वामी, मंडल महामंत्री कैलाश बोरा, घनश्याम जोशी,भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष सुनील दोसाद, नवीन खोलिया, भुवन सिंह, चन्दन सिंह, गोपाल सिंह, संतोष सिंह, राजीव रावत, कैलाश सिंह, सुंदर लाल वर्मा, मंगल राणा, किशन बोरा, जनार्दन लोहनी, चन्द्रशेखर कांडपाल, इन्द्रसिंह बिष्ट, हेम रावत, राजेन्द्र प्रसाद सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता शामिल हैं।