जांच की मांग पर सदस्यों ने काटा हंगामा
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : जिला पंचायत बैठक के दौरान सदस्यों ने पिछले 15 साल के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्य तथा नियुक्तियों की जांच की मांग को लेकर सदन में जमकर हंगामा काटा। बाद में अध्यक्ष द्वारा जांच का भरोसा दिलाए जाने पर सदस्य माने।
जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी की अध्यक्षता में संपन्न बैठक के दौरान जिपं सदस्य गोविंद दानू ने कहा कि जिला पंचायत में कर्मचारियों की नियुक्ति में भारी घपला हुआ है। कुछ कर्मचारी आज भी निष्कासित किए गए हैं तथा नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को बहाल करने तथा गत 15 साल में हुई नियुक्तियों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने जांच का भरोसा दिलाया। बाद में सदस्यों ने समितियों के गठन पर भी हंगामा कर सदन से वाकआउट किया। बाद में अध्यक्ष हरीश ऐठानी, सदस्य भगत डसीला तथा एएमए राजेश कुमार के समझाने पर सदस्य दोबारा सदन में आए। नियोजन समिति में नारायण सिंह रौतेला का नाम शामिल किया गया। बैठक में तय किया गया कि सभी सदस्य अपनी निधि से प्रत्येक स्कूल में वाटर प्यूरीफायर देंगे। बैठक के दौरान जिपं उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार, सदस्य भगत डसीला, शिव सिंह बिष्ट, जानकी मेहता, मनोज कुमार, गोपाल राम, गीता देवी, ज्योति दफौटी, हेमा पाठक, बहादुर राम, माधवी देवी, पुष्पा कोरंगा, नंदी भंडारी, गोदावरी, जितेंद्र मेहता, नारायण सिंह, सुनीता देवी, भागीरथी देवी आदि ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए निदान की मांग की। बैठक का संचालन एएमए राजेश कुमार ने किया।
- बाक्स
नई इनोवा में घूमेंगे अध्यक्ष
बागेश्वर: जिला पंचायत ने मंगलवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जिपं अध्यक्ष के लिए नई इनोवा कार खरीदने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। जिपं उपाध्यक्ष ने इस संबंध का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि पूर्व में क्रय की गई अंबेसडर कार जर्जर हालत में है तथा नया वाहन क्रय किया जाना जरूरी है। सदन ने सर्वसम्मति से इनोवा खरीदने पर सहमति प्रदान की।
- बाक्स
टैक्स व किराया बढ़ाएगी पंचायत
बागेश्वर: जिला पंचायत ने जिले में दुकानों का किराया तथा टैक्स में बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लिया है। सदन ने कहा कि जिपं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए जरूरी है। ऐसे में किराये तथा टैक्स में वृद्धि की जाए। इस बावत समिति बनाने का फैसला लिया गया है। जल्द ही नए करों का तथा किराए का ढांचा तैयार कर सदन में रखा जाएगा। अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि करों में वृद्धि से पहले कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जाए।
- बाक्स
कौसानी बंगले का होगा कायाकल्प
बागेश्वर: जिला पंचायत के कौसानी डांक बंगले का कायाकल्प होगा तथा वह निजी होटलों से जोरदार मुकाबला करेगा। कौसानी डाक बंगले की हालत जर्जर बनी है तथा वहां निजी होटलों के मुकाबले पर्यटक टिकना पसंद नहीं करते हैं। सदन ने इसके कायाकल्प की योजना तैयार की है। सभी सदस्यों ने अपनी निधि से 40-40 हजार तथा अध्यक्ष ने 50 हजार की राशि देने की घोषणा की। साथ ही किचन को भी चाक चौबंद किया जाएगा।