भाजपा में बगावत, कांग्रेस में घबराहट
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : टिकट की घोषणा के बाद भाजपा में बगावत का तूफान थम नहीं रहा है। भाजपा में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : टिकट की घोषणा के बाद भाजपा में बगावत का तूफान थम नहीं रहा है। भाजपा में हो रही बगावत से प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस में भी घबराहट है। दोनों ही दलों को भितरघात का डर सता रहा है। भितरघातियों का दांव सही पड़ गया तो राष्ट्रीय दलों के प्रत्याशियों के लिए मुश्किल भी सकती है।
भाजपा ने कपकोट से पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल तथा बागेश्वर से विधायक चंदन राम दास को टिकट दिया है। टिकट की घोषणा होते ही भाजपा में बगावत हो गई। टिकट के दावेदार भूपेश उपाध्याय के समर्थन में भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पूरी कार्यकारिणी ने ही इस्तीफा दे दिया है। इधर बागेश्वर में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा आर्या ने भी समर्थकों के साथ इस्तीफा दे दिया है। संगठन में चल रही नाराजी से हरकत में आई भाजपा ने केदार जोशी को डैमेज कंट्रोल के लिए बागेश्वर तो भेजा लेकिन नाराजों को तो वह मना नहीं सके। हां नई कार्यकारिणी जरूर गठित कर दी। पार्टी हाईकमान ने बगावत करने वालों को सख्त संदेश दिया है कि जो भी बगावत करेगा तथा अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा में चल रही उथल-पुथल से कांग्रेस में घबराहट का माहौल है। कांग्रेस को भी लगता है कि टिकट की घोषणा होने के बाद यहां भी बगावती तेवर देखने को मिलेंगे। कांग्रेस में कपकोट सीट से विधायक ललित फस्र्वाण को टिकट मिलना तय है। बागेश्वर में टिकट के लिए खींचतान हो रही है। पूर्वमंत्री राम प्रसाद टम्टा व रंजीत दास के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। दोनों दावेदारों के समर्थक दिल्ली व देहरादून डेरा डाले हुए हैं। फिलहाल देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही कांग्रेस के दावेदारों की क्या प्रतिक्रिया होगी।