भाजपा में माफिया समूह एकजुट: उमा
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: भाजपा में बगावती तेवर व हाईकमान पर आरोपों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पूर्
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: भाजपा में बगावती तेवर व हाईकमान पर आरोपों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष उमा बिष्ट ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी को खड़िया व्यापारियों ने हाइजैक कर लिया है तथा अपने हित में निर्णय ले रहा है। कहा कि त्यागपत्र देने के बाद निष्कासन किया जाना एक महिला का अपमान है।
शुक्रवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए उमा ने कहा कि बागेश्वर में दोनों ही टिकट कार्यकर्ताओं व संगठन की मर्जी के खिलाफ दिए गए हैं। दोनों ही सीटों पर हमने युवा चेहरे मांगे थे। कपकोट में ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया है जिसकी विकास की सोच ही नहीं है तथा हमेशा संगठन विरोधी कार्य किया। महिलाओं के सम्मान का दावा करने वाली भाजपा आज महिलाओं का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि कपकोट में नाराज कार्यकर्ता भूपेश के लिए कार्य करेंगे जबकि बागेश्वर में निर्दलीय को समर्थन दिया जाएगा। महामंत्री राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि दर्जनों कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिए हैं लेकिन सिर्फ उमा बिष्ट का निष्कासन कर भाजपा का महिला विरोधी चेहरा दिख गया है। चुनौती दी कि सभी का निष्कासन करके दिखाए भाजपा। कहा, पार्टी जिले में टिकट बदले तो समझौता हो सकता है।
----------
करा लो मेरी जांच
उमा ने कहा है कि मैंने जिस पार्टी के लिए अपने परिवार की कुर्बानी दी, अपने दूधमुंहे बच्चों को छोड़ा, वह पार्टी आज निष्कासित कर उन्हें अपमानित कर रही है। पार्टी की बदौलत मैंने क्या कमाया है सबके सामने है। चाहो तो मेरी व मेरे प्रमुख कार्यकाल की जांच करा लो।
----------
पार्टी विरोधी बिठाए पदों पर
पूर्व जिलाध्यक्ष उमा ने कहा कि पिछला कपकोट चुनाव हराने वाले को कमान दे दी, गरुड़ में प्रमुख पद डुबोने वाले, बागेश्वर में प्रमुख का चुनाव हराने वाले तथा बागेश्वर में पालिकाध्यक्ष का चुनाव हराने वाले आज भाजपा के खेवनहार बने हैं। पार्टी को सलाह है कि पहले इन्हें भी निष्कासित करे।