पार्टी की गुटबाजी प्रदेश के लिए चुनौती
संवाद सहयोगी, बागेश्वर : प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अजय भट्ट रविवार को पहली बार बागेश्वर पहुंचेंगे।
संवाद सहयोगी, बागेश्वर : प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अजय भट्ट रविवार को पहली बार बागेश्वर पहुंचेंगे। बागेश्वर में कार्यकर्ता जहां उनके स्वागत की तैयारी में हैं, वहीं अजय भट्ट को जिला कार्यकारिणी गठन होने के बाद उपजे भाजपा के अंदरूनी विवाद को समाप्त करना चुनौती होगी। अजय भट्ट असंतुष्ट कार्यकर्ताओं से वार्ता कर सकते हैं।
भाजपा में जिला कार्यकारिणी गठित होने के बाद अंदरूनी विवाद चरम पर है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय स्वयंसंघ की पृष्ठभूमि के नेता असंतुष्ट चल रहे हैं। ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले में मकर संक्रांति के दिन सरयू बगड़ में होने वाली जनसभा में भाजपा के कई कद्दावर नेता गायब थे। भाजपा में चल रही गुटबाजी से पार्टी का आम कार्यकर्ता आहत है। कार्यकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते प्रदेश नेतृत्व ने इसे ठीकठाक नहीं किया तो इसका असर आगामी चुनावों में देखने को मिलेगा। समझा जा रहा है कि रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट फिर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व नई कार्यकारिणी को बुलाकर आपसी सहमति बनाने का प्रयास करेंगे, ऐसी पार्टी के आम कार्यकर्ताओं को उम्मीद है।
--------------------
साढ़े तीन घंटे रहेंगे बागेश्वर में
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट बागेश्वर में 12.30 बजे पहुंचेंगे। भाजयुमो जिला महामंत्री मनीष पांडे ने बताया कि भट्ट वाया कौसानी होते हुए बागेश्वर पहुंचेंगे। इसके बाद पार्टी के विविध कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। सायं चार बजे वापस रानीखेत को रवाना होंगे।