भूस्खलन से हाईवे पर चार घंटे थमा सफर
-अब कहर ढाने लगी कलवाड़ी की पहाड़ी
- विकट हालातों में दो बार हटवानी पड़ी जेसीबी
- मशक्कत के बाद शुरू हुआ खतरों का सफर
रानीखेत : भूस्खलन के लिहाज से घातक भुजान में अतिसंवेदनशील कलवाड़ी की पहाड़ी कहर बरपाने लगी है। तीसरे रोज डेंजर जोन से फिर भारी भूस्खलन ने स्टेट हाईवे पर करीब चार घंटे तक रफ्तार थाम ली। इस अवधि में बिगड़ते हालातों के बीच दो बार मलबा हटाने पहुंचे चालक को जेसीबी हटवानी पड़ी। बहरहाल, घंटों बाद राजमार्ग पर खतरों का सफर जैसे-तैसे शुरू हो सका है। मगर मलबा व पत्थरों के गिरने का सिलसिला थमा नहीं है।
अंतरजनपदीय सीमा पर डेंजर जोन भुजान में कलवाड़ी की पहाड़ी तीसरी बार दरक गई। भूस्खलन से हालात बिगड़ गए। करीब दो घंटे बाद जेसीबी पहुंची तो मलबा हटाने के बाद खैरना-रानीखेत स्टेट हाईवे साफ किया गया। मगर कुछ ही देर में कलवाड़ी की पहाड़ी दोबारा दरक गई। इससे एक बार फिर हालात बिगड़ गए। चालक को जेसीबी मशीन हटवानी पड़ी। पूर्वाह्न 10 बजे भूस्खलन कम हुआ तो जेसीबी फिर जुटी और श्रमिकों ने मशक्कत के बाद हाईवे को यातायात लायक बनाया। इसके बाद भी खतरा बना रहा। जोखिम के बीच सफर शुरू हो सका।