कुल्हाड़ी से मजदूर की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा के द्वाराहाट में कुल्हाड़ी से मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
द्वाराहाट, [जेएनएन]: रतखाल गांव में ग्रामीण को कुल्हाड़ी से मार डालने के आरोपी को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पांडवखोली मार्ग पर दबिश देकर दबोच लिया। हत्यारोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मामला 20 नवंबर का है। जब रतखाल गांव के हीरा सिंह(55) को दानी राम शराब के बहाने अपने घर ले गया। वहां आपराधिक रिकॉर्ड वाला बिशन राम भी मौजूद था। ये तीनों बाजार से साथ आए, फिर दानी राम के घर बैठ गए। इसी बीच इनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला गरमाया तो दानी राम ने कुल्हाड़ी से हीरा सिंह पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। लहुलुहान हीरा सिंह को ग्रामीण सीएचसी ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया।
इसके बाद मृतक हीरा सिंह की पत्नी भगवती देवी ने दानी राम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद राजस्व पुलिस ने रतखाल गांव में दबिश दी। वारदात के वक्त मौजूद बिशन राम से पूछताछ की। सुराग लगने पर पांडवखोली को जाने वाले रास्ते में दबिश देकर मुख्य आरोपी दानी राम को गिरफ्तार कर लिया गया।
द्वाराहाट राजस्व चौकी में कड़ी पूछताछ के दौरान दानी राम टूट गया। उसने हीरा सिंह की हत्या की बात कबूल कर ली। उसने यह भी खुलासा किया कि नशे में हीरा सिंह ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्द बोले। जिससे आहत होकर उसने पास ही रखी कुल्हाड़ी से हीरा सिंह पर वार कर दिया।
यह भी पढ़ें: कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर ग्रामीण की हत्या
यह भी पढ़ें: रुड़की में कोर्ट परिसर में गैंगस्टर देवपाल को गोलियों से भूना
यह भी पढ़ें: पति-पत्नी के विवाद में बचाव को आए बड़े भाई की हत्या