पर्यावरण संरक्षण को चले सर्वसम्मत जागरूकता अभियान
अल्मोड़ा : उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने पहाड़ के पर्यावरण संरक्षण के लिए सर्वसम्मत जागरूकता अभियान
अल्मोड़ा : उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने पहाड़ के पर्यावरण संरक्षण के लिए सर्वसम्मत जागरूकता अभियान चलाए जाने पर जोर दिया है। इस बावत संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य में 25 जनवरी से पॉलीथिन से बनी थैलियों तथा थर्माकोल आदि के विक्रय व भंडारण पर प्रतिबंध लगा दिए जाने से व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा है कि पॉलीथिन व प्लास्टिक पैक में आने वाले सामान की सूची इतनी लंबी है कि उसे गिन पाना दुष्कर होता है। संगठन का कहना कि पॉलीथिन व थर्माकोल पर प्रतिबंध लगाने से बेहतर यह होता कि इसे नियंत्रित करने के लिए कारगर उपायों को तलाशा जाता, जिससे पहाड़ के निर्धन तबके के व्यापारियों को राहत मिलती। संगठन ने इस समस्या का संतुलित निदान किए जाने पर जोर दिया है। ज्ञापन भेजने वालों में जिलाध्यक्ष हरेंद्र वर्मा, प्रताप कनवाल, कमल गुप्ता, हिमांशु कांडपाल, दिनेश मठपाल, संजीव गुप्ता, संजय अग्रवाल, अनूप गुप्ता आदि अनेक व्यापारी पदाधिकारी शामिल हैं।