रुठे कैलाश को मनाने जाएंगे रघुनाथ
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : एक बार भगवान शंकर रूठे तो कैलास पर्वत पर चले गए थे। तब उन्हें मनाने के लि
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : एक बार भगवान शंकर रूठे तो कैलास पर्वत पर चले गए थे। तब उन्हें मनाने के लिए पार्वती को पीछे-पीछे कैलास पर्वत जाना पड़ा था। अल्मोड़ा का राजनीतिक हाल भी इन दिनों कुछ ऐसा ही है। पूर्व विधायक कैलाश शर्मा को भाजपा से टिकट नहीं मिला तो वह नाराज हो गए और निर्दलीय चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। रुठे कैलाश शर्मा को मनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी रघुनाथ सिंह चौहान खुद मनाने के लिए जाएंगे।
बुधवार को भाजपा से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद शहर पहुंचे रघुनाथ सिंह चौहान का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि टिकट के लिए दावेदारी करना हर कार्यकर्ता का अधिकार है और इसके लिए उसे हर संभव प्रयास भी करना चाहिए। हालांकि अंत में फैसला हाईकमान करता है और उसका जो भी फैसला हो सभी को मानना चाहिए। टिकट न मिलने पर मलाल जरूर होता और यह स्वाभाविक है। पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल, वर्तमान जिलाध्यक्ष ललित लटवाल समेत अन्य लोगों ने भी दावेदारी की थी, लेकिन टिकट एक को मिलता है। टिकट न मिलने से कैलाश शर्मा भी आहत हैं और उनकी नाराजगी भी स्वाभाविक है। हमारे बीच जमीन-जायदाद को लेकर कोई विवाद नहींहै। उन्हें मनाने के लिए खुद जाऊंगा और मना कर लाऊंगा। उन्होंने कहा, सबका साथ, सबका विकास के तहत वह कार्यकर्ताओं को एकजुट कर कांग्रेस को अल्मोड़ा से उखाड़ फेकेंगे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, गोविंद पिलख्वाल, कमल बिष्ट, विनीत बिष्ट, तुषारकांत शाह समेत अन्य लोग थे।