दिल्ली जाने से रोका तो चुना मौत का रास्ता
रानीखेत/गरमपानी : दिल्ली साथ चलने की जिद पर अड़ी विवाहिता ने जहर गटक लिया। उसे तड़पता देख पति ने भी वि
रानीखेत/गरमपानी : दिल्ली साथ चलने की जिद पर अड़ी विवाहिता ने जहर गटक लिया। उसे तड़पता देख पति ने भी विषपान कर लिया। कुछ ही देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया जबकि उसका पति बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा में जिंदगी व मौत के बीच झूल रहा है। घटना के बाद से गांव में मातम तो परिजनों में कोहराम है।
दिल दहला देने वाला यह वाकया अल्मोड़ा व नैनीताल की अंतरजनपदीय सीमा स्थित क्वारब गांव की है। यहां पूरन सिंह मेहरा के 22 वर्षीय पुत्र बालम सिंह का विवाह बीते वर्ष अप्रैल में कभूड़ा तहसील काफलीगैर (बागेश्वर ) निवासी भूपाल सिंह की पुत्री लता (20) के साथ हुआ था। दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करने वाला बालम कुछ ही दिन पूर्व छुट्टी लेकर घर आया था।
नायब तहसीलदार के मुताबिक उसे बीती मंगलवार को दिल्ली वापस जाना था। इधर लता साथ चलने की जिद पर अड़ गई। समझाने के सभी प्रयास नाकाम होने पर दंपति में कहासुनी बढ़ गई। इस पर तैश में आई लता ने घर में रखा जहर गटक लिया। उसे तड़पता देख घबराए बालम ने भी जिंदगी खत्म करने की मंशा से खुद भी विषपान कर लिया।
शाम को परिजन खेतों से घर लौटे तो मंजर देख हतप्रभ रह गए। घर के बाहर लता गिरी पड़ी थी। तकरीबन सौ मीटर दूर प्राथमिक विद्यालय के पास उसका पति।
सूचना पर तहसीलदार कोश्या कुटौली नितेश डागर मय टीम मौके पर पहुंचीं। तब तक विवाहिता दम तोड़ चुकी थी। बालम सिंह को नाजुक हालत में बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा पहुंचाया गया। जहां वह मौत से जूझ रहा है। कानूनगो डीडी जोशी, राजस्व उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह ह्यांकी, बीसी वर्मा आदि ने मामले की तफ्तीश की। इधर मृतका के पिता व अन्य मायके वाले भी गांव पहुंच गए हैं।