गहमागहमी के बीच 'कौतिक' का खाका तैयार
द्वाराहाट : ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती 'कौतिक' को भव्य स्वरूप देने के लिए रूपरेखा तय कर दी गई है। मेला
द्वाराहाट : ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती 'कौतिक' को भव्य स्वरूप देने के लिए रूपरेखा तय कर दी गई है। मेला मैदान पर अतिक्रमण से उपजी नाराजगी व गहमागहमी के बीच प्राचीन संस्कृति को मिलजुल कर धरोहर की तरह संजो रखने का आह्वान भी हुआ। वहीं मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर संबंधित महकमों को सफाई, सुरक्षा व यातायात के पुख्ता बंदोबस्त के कड़े दिशा निर्देश दिए गए। तय हुआ कि ढहने के कगार पर खड़े हितचिंतक भवन व फड़ खोखे मेले से पूर्व हटवा दिए जाएंगे।
नगर पंचायत सभागार में सोमवार को प्रशासन, मेला समिति एवं विभिन्न धड़ों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। दूरदराज से पहुंचे लोगों ने कई मुद्दों पर नाराजगी जताई। संस्कृति को बचाने के लिए गंभीर प्रयासों की वकालत करते हुए उन्होंने प्राचीन मेला मैदान पर अतिक्रमण को चिंतनीय बताया। गहमागहमी के बीच विधायक मदन बिष्ट ने कहा पौराणिक सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को मिलजुल कर काम करना होगा।
एसडीएम एपी वाजपेयी ने यातायात, पेयजल, सुरक्षा, संचार, सफाई आदि व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कहा कि आठ अप्रैल को अंतिम रूप देने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक ली जाएगी। पूर्व प्रमुख राजेंद्र किरौला, जगदीश बुधानी, भगवान चौधरी आदि ने भी विचार रखे। इस मौके पर विनोद जोशी, भागीरथी देवी, दीपा मठपाल, नंदिता भट्ट, प्रताप बिष्ट, देव सिंह अधिकारी, लाल सिंह, वीरेंद्र बजेठा, रमेश चंद्र पुजारी, किशन सिंह रौतेला, संजय साह, गुसाई सिंह रावत, निर्मल मठपाल, अनिल चौधरी, मोहन बिष्ट, आशीष वर्मा, भूपेंद्र कांडपाल, प्रताप बिष्ट, सुरेश साह आदि मौजूद रहे।
=== इंसेट===
मेलों को सियासी नजर से न देखें
विधायक ने कहा, पौराणिक मेलों को सियासी नजरिए से न देखा जाए। मुख्यमंत्री ने कौतिक की सफलता को पांच लाख रुपये पूर्व में ही स्वीकृत कर दिए हैं। कहा कि दो लाख विधायक निधि से दिए जाएंगे।
=== इंसेट===
बिखौती मेले पर मंथन कल
द्वाराहाट : पौराणिक तीर्थ विभांडेश्वर में बिखौती मेले की सफलता को एक अप्रैल को अहम बैठक होगी। मेला समिति अध्यक्ष विमला साह ने बताया कि इसमें संरक्षक विधायक मदन बिष्ट बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेंगे।
=== इंसेट ===
मेला समिति कार्यकारिणी गठित
= नगर पंचायत अध्यक्ष : पदेन समिति अध्यक्ष
= ब्लॉक प्रमुख : सहपदेन अध्यक्ष
= हेम रावत : उपाध्यक्ष
= नारायण रावत : सचिव
= गोविंद अधिकारी : प्रचार सचिव
=== इंसेट===
धड़ों के ये बने उपाध्यक्ष
= आल धड़ा : जगत सिंह रौतेला
= गरख धड़ा : नरेंद्र सिंह अधिकारी
= नौज्यूला धड़ा : गिरीश चौधरी
=== इंसेट===
कौतिक में कब क्या
= 13 अप्रैल : पौराणिक तीर्थ विभांडेश्वर में रात्रि मेला बिखौती
= 14 अप्रैल : प्राचीन द्वारिका में बाट पूजन मार्गो को नमन
= 15 अप्रैल : पुरातन मुख्य स्याल्दे मेला, ओड़ा भेंटने की रस्म