कर्मचारियों में भड़का आक्रोश
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : लंबित समस्याओं का निराकरण नहीं होने से कलक्ट्रेट कर्मचारियों ने शासन के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। वह प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। संघ ने कहा है कि यदि शीघ्र समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो वह आंदोलन उग्र करने को बाध्य होंगे।
कलक्ट्रेट धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वह काफी समय से नायब तहसीलदार के सीधी भर्ती के पदों में दस प्रतिशत पदोन्नति कलक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मियों की किए जाने, इस मसले पर 14 दिसंबर 2013 को कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार शासनादेश जारी किए जाने, कलक्ट्रेट के पुनर्गठन का जीओ जारी करने के साथ ही मिनिस्टीरियल कर्मियों की शैक्षिक योग्यता स्नातक किए जाने की मांग की जा रही है। इसके बाद भी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह खलझूनिया ने कहा कि मिनिस्टीरियल कार्मियों के हितों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए चाहे संगठन को कितना ही संघर्ष क्यों नहीं करना पड़े। इस मौके पर गोविंद सिंह अधिकारी, विमला मठपाल, दीपक तिवारी, मदन सिंह मनराल, रिजवाना खान, रविंद्र चंद्र तिवारी, जगजीवन सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे। सभा में दर्जनों कलक्ट्रेट कर्मचारी मौजूद थे। सभा की अध्यक्षता आईएस खलझूनिया व संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मेहता ने किया।