पहाड़ी से फिसली महिला, हालत गंभीर
दन्यां: विकासखंड धौलादेवी के अन्तर्गत कांडानौला के जंगल में घास लाने गई महिला चट्टान से फिसल गई। ध्याड़ी क्षेत्र से जांच से लौट रही एसओजी की टीम ने एकांत जगह पर गम्भीर रूप से घायल महिला को चिकित्सालय पहुंचाने में मदद की। हालत गम्भीर होने पर पीएचसी धौलादेवी से उसे अल्मोड़ा रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बागपाल निवासी ज्योति देवी पत्नी आनंद राम 22 वर्ष जंगल में घास काटने गई थी। चट्टान में घास काटते हुए वह फिसल गई। काफी दूर वह चट्टान में लटकी रह गई। ध्याड़ी क्षेत्र से निरीक्षण कर लौट रहे एसओजी की टीम ने उसे घायल अवस्था में चट्टान पर अटकी हुई देखा और 108 की मदद से पीएचसी धौलादेवी में भर्ती कराया। उधर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. बीबी जोशी ने बताया कि महिला की हालत नाजुक है। उन्होंने बताया कि वह कोमा में चली गई है। महिला की हालत नाजुक देखते हुए उसे अल्मोड़ा रेफर कर दिया है।