ग्राम सभाओं में उप प्रधान का चुनाव आज
जागरण संवाददाता, चौखुटिया: सभी ग्राम पंचायतों के उप प्रधानों की सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया आरंभ हो गई है। चुनाव संबंधित ग्राम पंचायतों में आज 29 अगस्त को संपन्न होगा। इस क्रम में शुक्रवार को यहां विकास खंड सभागार कक्ष में सभी नामित निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आवश्यक सामग्री का भी वितरण किया गया।
प्रशिक्षण एडीओ-संख्या कमल सिंह मेहरा द्वारा दिया गया। इस दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के साथ ही बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों के बारे में गहन जानकारी दी। कहा कि चुनाव निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ही कराये जाएं। उप प्रधान ग्राम वार्ड मेंबरों में से ही चुना जाना है। इसमें ग्राम प्रधान को मत देने का अधिकार नहीं होगा। नोडल अधिकारी पंकज कांडपाल ने
निष्पक्ष चुनाव पर जोर दिया।
इस दौरान चुनाव अधिकारियों ने भी अपने विचार व सुझाव दिये। प्रशिक्षण में सौ से अधिक निर्वाचन अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिन्हें बाद में चुनाव व मतदान से संबंधित सामग्री भी बांटी गई।
इंसैट में:
चुनाव ड्यूटी से प्राथमिक शिक्षक खफा
बतौर निर्वाचन अधिकारी उप प्रधान निर्वाचन में राजकीय प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूलों के ही शिक्षकों की ड्यूटी लगाये जाने पर शिक्षकों ने एतराज जताया।कहा कि दस चुनाव में सिर्फ प्राथमिक व उच्च प्राथमिकशिक्षकों को ही लगाया गया है। इनमें अनेक शिक्षक एकल विद्यालय वाले हैं। ऐसे में शिक्षण कार्य बाधित हो चला है तथा विद्यालय बंद हैं। जबकि चुनाव में हाईस्कूल व इंटर कालेजों के शिक्षकों को लगना चाहिये।
गैराड़ में वार्ड मेंबरों का कोरम अपूर्ण
इस विकास खंड में आज 29 अगस्त को 100 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान के चुनाव होने हैं। इसके लिये सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। गैराड़ एक मात्र ऐसी ग्राम पंचायत हैं, जहां उप प्रधान के लिये चुनाव नहीं हो रहा है। इसका कारण वार्ड मेंबरों का कोरम पूरा न होना बताया जा रहा है। कोरम पूरा होने पर ही उप प्रधान का चुनाव होगा।