कम वसूली पर कर निरीक्षक को नोटिस
वाराणसी : नगर निगम का खजाना खाली हो गया है। अफसरों व कर्मियों के वेतन को लेकर संकट छा गया है। इसकी व
वाराणसी : नगर निगम का खजाना खाली हो गया है। अफसरों व कर्मियों के वेतन को लेकर संकट छा गया है। इसकी वजह गृहकर की कम वसूली बताई जा रही है। गृहकर वसूली में फिसड्डी नगर निगम ने शनिवार को समीक्षा की। सबसे खराब वसूली की रिपोर्ट भेलूपुर और दशाश्वमेध जोन की थी। दोनों जोनों में क्रमश: 44.65 और 73.26 फीसद की वसूली हुई हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी महातम सिंह यादव के अनुसार अब तक करीब 90 फीसद तक वसूली होनी चाहिए थी।
इस बाबत अपर नगर आयुक्त राजेंद्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें दशाश्वमेध और भेलूपुर के जोनल अधिकारियों के अलावा कर अधीक्षक सतीशचंद्र मौजूद थे। जोनल कार्यालयों के कर निरीक्षकों ने 55 से 60 फीसद वसूली की है। 44.65 फीसद से कम वसूली करने वाले कर निरीक्षकों को अपर नगर आयुक्त ने नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। कहा कि लक्ष्य का 90 प्रतिशत वसूली नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बड़े बकाएदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने के निर्देश जोनल अधिकारी भेलूपुर और दशाश्वमेध को दिया गया। सर्वाधिक गृहकर वसूली वरुणापार जोन में हुई है जो लक्ष्य का 86.12 प्रतिशत है।
आज खुलेंगे नगर निगम, जलकल के काउंटर
वसूली लक्ष्य को पूरा करने के लिए रविवार को जलकल और नगर निगम के कैश काउंटर खुले रहेंगे। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी महातम यादव ने बताया कि सभी कर निरीक्षक सुबह 8 बजे से शाम पाच बजे तक गृहकर वसूलेंगे। सभी कम्प्यूटर टैक्स कलेक्शन खुले रहेंगे। वहीं जलकल सचिव आरएस सक्सेना ने बताया कि भेलूपुर व उत्तरी जोन कार्यालय के कैश काउंटर जलकर, जलमूल्य और सीवर कर जमा करने के लिए खुले रहेंगे।