काशी यात्रा निकाल देवालयों में किया दर्शन
वाराणसी : काशी यात्रा समिति की ओर से शनिवार की शाम चार बजे ब्रह्माघाट स्थित नाना फड़नवीस के बाड़े से स
वाराणसी : काशी यात्रा समिति की ओर से शनिवार की शाम चार बजे ब्रह्माघाट स्थित नाना फड़नवीस के बाड़े से स्कंद पुराण में वर्णित प्राचीन काशी यात्रा निकाल देवालयों में दर्शन-पूजन किया गया।
समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने काशी यात्रा के उद्देश्य व महात्म्य पर प्रकाश डाला और बताया कि स्कंद पुराण के काशी खंड में इस यात्रा का विस्तृत वर्णन किया गया है। यह भी जानकारी दी गई कि गुरु चरित्र ग्रंथ में भी इस यात्रा का व यात्रा के दौरान लगभग 400 मंदिरों का जिक्र है। इसके उपरांत यात्रा शुरू हुई। इसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए चल रहे थे। इस दौरान कपिलेश्वर महादेव, पंच विनायक, पंच गंगेश्वर महादेव, बिंदुमाधव, पंचगंगा तीर्थ, मंगलागौरी, गभस्तीश्वर महादेव, आनंद भैरव, अग्निश्वर महादेव, नागेश्वर महादेव, उप शांतेश्वर महादेव, दंडपाणि भैरव, कालभैरव, महामृत्युंजय महादेव, रत्नेश्वर महादेव, कालकुटेश्वर महादेव, कृतिवाशेश्वर महादेव, हंसतीर्थ मछोदरी त्रिलोचन महादेव व ओंकारेश्वर महादेव में दर्शन-पूजन कर यात्रा पुन: नाना फड़नवीस के बाड़े में संपन्न हुई। इस दौरान धर्मसंघ पीठाधीश्वर शंकर देव चैतन्य ब्रह्मचारी, पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड, विनोद राव पाठक, प्रभात शर्मा व डा. माधव जनार्दन रटाटे आदि शामिल थे।