बौद्ध कान्क्लेव में मुख्यमंत्री के आने की संभावना
वाराणसी : सारनाथ में तीन से पांच अक्टूबर तक आयोजित बौद्ध कान्क्लेव की तैयारी व प्रदेश के मुख्यमंत्री
वाराणसी : सारनाथ में तीन से पांच अक्टूबर तक आयोजित बौद्ध कान्क्लेव की तैयारी व प्रदेश के मुख्यमंत्री के आने की सूचना पर शुक्रवार को जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने पर्यटन अधिकारी के साथ कार्यक्रम स्थल, मूलगंध कुटी बौद्ध पार्क एवं पर्यटक आवास गृह का जायजा लिया। महाबोधि इंटर कालेज के खेल मैदान में हैलीपैड बनाने व सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी।
बौद्ध कान्क्लेव की तैयारी के मद्देनजर सुबह से अधिकारियों के आने-जाने का क्रम बना रहा। मूलगंध कुटी बौद्ध पार्क में विशाल वातानुकूलित पंडाल दो अक्टूबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र मिश्र ने बताया कि इसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा, प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह, बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री सहित कई अन्य देशों के पर्यटन मंत्री इस आयोजन में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड, उड़ीसा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पंजाब, राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों के लोगों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा एशियाई देशों के 150 प्रतिनिधि भाग लेंगे। शाम पांच बजे एसपी सिटी सुधाकर यादव ने भी पंडाल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर निरीक्षण किया।