सड़कें बनीं झील, चौतरफा लगा जाम
वाराणसी : शनिवार की देर शाम हुई तेज बारिश के बाद शहर झील में तब्दील हो गया। हर तरफ जल जमाव ने नगर
वाराणसी : शनिवार की देर शाम हुई तेज बारिश के बाद शहर झील में तब्दील हो गया। हर तरफ जल जमाव ने नगर निगम व जिला प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। सड़कों पर भीषण जलजमाव के कारण चौकाघाट, अंधरापुल, पांडेयपुर, साजन तिराहा, मंडुआडीह सहित तमाम चौराहे जाम से कराह उठे। राहगीर सीवर व बारिश की पानी से गुजरने को विवश दिखे।
शनिवार की शाम बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं सीवर जाम के कारण सड़कों पर भीषण जल जमाव से लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। चौकाघाट पुल के नीचे पानी भर जाने से भयंकर जाम लगा। इस बीच यातायात पुलिस भी नदारद रही। वाहन के मकड़जाल में फंस कर पैदल राहगीर भी परेशान रहे। बड़े वाहनों की अराजकता के कारण पुल पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस को जाम खुलवाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। इधर, अंधरापुल पर भी जल जमाव से वाहन चालकों व राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ा। पुल के नीचे भीषण जल जमाव से दोनों गुफाओं के साथ बीच वाला रास्ता भी जाम हो गया। वाहनों की अराजकता से अंधरापुल चौराहा व नदेसर मार्ग पर भी भीषण जाम लगा। कई वाहनों के साइलेंसर में पानी घुस गया। इस बीच पांडेयपुर से हुकूलगंज मार्ग व खजुरी मार्ग पर भी भीषण जाम लगा। जाम में एम्बुलेंस भी फंसी रही। जाम को देखते हुए विदेशी सैलानियों को टैक्सी छोड़कर पैदल बरसात व सीवर के गंदे पानी से गुजरते हुए भी देखा गया। यही हाल मंडुआडीह मार्ग पर था। इस मार्ग पर जल जमाव के साथ फिसलन होने के कारण कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो गए। मंडुआडीह थाने से लेकर रथयात्रा की तरफ आने वाले मार्ग पर भीषण जाम लगा।