स्वर्णिम पड़ाव पर बाबा दरबार में नीता अंबानी की हाजिरी
वाराणसी : देश के जानेमाने उद्योगपति और रिलायंस ग्रुप के प्रमुख मुकेश अंबानी और उनकी धर्मपत्नी नीता अ
वाराणसी : देश के जानेमाने उद्योगपति और रिलायंस ग्रुप के प्रमुख मुकेश अंबानी और उनकी धर्मपत्नी नीता अंबानी परिजनों संग शनिवार को दोपहर बनारस पहुंच रहे हैं। मौका है नीता अंबानी के स्वर्णिम पड़ाव 50वें जन्मदिवस का। इस मौके पर नीता परिवार सहित बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगी फिर सभी लोग गंगा आरती में शामिल होंगे। मुकेश अंबानी का कुनबा वाराणसी में पहली दफा आ रहा है। जन्मदिन पर संगीत की धुन के बीच अनोखा केक भी काटा जाएगा। अंबानी का दरबार नदेसर कोठी में सजेगा। काशी स्टेट की इसी कोठी में कभी ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ भी ठहरी थीं।
कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर दो बजे चार चार्टर्ड प्लेन से अंबानी परिवार 40 सदस्यीय उद्योगपतियों व बालीवुड के सितारों का आगमन होगा। वीवीआईपी की सुविधा, बाबा विश्वनाथ दरबार में दर्शन-पूजन, दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भाग लेने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वाहनों का पास जारी किया गया है। शाम चार बजे बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद सभी मेहमान गंगा आरती में शामिल होंगे।
मां कोकिला बेन भी होंगी साथ
नीता अंबानी का बर्थडे मनाने के लिए बच्चों और मा कोकिला बेन अन्य परिजनों संग मुकेश अंबानी नामचीन सितारों के साथ वे बनारस में पहली बार आ रहे हैं। यहां होटल दि गेटवे की देखरेख में संचालित नदेसर कोठी में पूरा कुनबा ठहरेगा। कोठी के सभी 32 कमरे व शाही ठाठ वाला हॉल अंबानी परिवार व अतिथियों के लिए बुक कराया गया है। परिसर स्थित गुलाबबाड़ी में पत्नी नीता के जन्मदिन पर संगीत की महफिल सजेगी।
खास मेहमानों की मौजूदगी चर्चा में
सूत्रों के अनुसार सदी के महानायक अमिताभ बच्चन व उनकी पत्नी सांसद जया बच्चन, करीना कपूर, सेलिब्रिटी सचिन तेंदुलकर, कामेडी किंग कपिल शर्मा की खास मौजूदगी होगी। प्रोटोकाल दफ्तर को हालांकि सांसद जया बच्चन के यहां देवदीपावली पर पांच से सात नवंबर तक आने की सूचना मिली है।
जलेबी-कचौड़ी संग मलाई-रबड़ी
मेनू में हर राज्यों की मशहूर डिश के साथ बनारसी जलेबी-कचौड़ी, मलाई -रबड़ी बनारसी गोलगप्पे और बनारसी ठंडई को शामिल किया गया है। मेहमानों के लिए खास बनारसी पान होगा। हालाकि कार्यक्रम को काफी गोपनीय रखा गया है। सूत्रों का कहना है कि गंगा आरती देखने के बाद यदि समय रहा तो राजा चेतसिंह महल में डिनर भी अंबानी परिवार करेगा। रात ही में सभी लोग चार्टर्ड प्लेन से मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे।
अच्छी बीती साढ़े साती!
नीता अंबानी के 50वें जन्मदिन पर काशी आने के निहितार्थ न ढूंढे जाएं ऐसा भला कहां संभव है। यही वजह है कि ज्योतिषाचार्यो ने भी अपनी गणना से तर्क प्रस्तुत किए। ज्योतिषाचार्य ऋषि द्विवेदी का कहना है कि चूंकि नीता अंबानी की जन्म राशि कन्या है और उसका स्वामी बुध। ऐसे में अभी उनकी राशि पर शनि की साढ़े साती चल रही थी जो पांच नवंबर को उतर रही है। साढ़े साती से उनको अच्छा फल मिला। ऐसे में नीता अंबानी इस मौके पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेककर इस बात का आभार भी जताएंगी।