करसड़ा शानदार प्लांट,चालू करें
वाराणसी : क्योटो (जापान) के उप महापौर के.ओगासावारा व उनकी टीम शुक्रवार को सुबह-ए-बनारस का नजारा देख
वाराणसी : क्योटो (जापान) के उप महापौर के.ओगासावारा व उनकी टीम शुक्रवार को सुबह-ए-बनारस का नजारा देख अभिभूत हो गई। टीम ने अस्सी से दशाश्वमेध घाट तक नाव पर सफर किया। गंगा घाटों के अनुपम व मनोहारी दृश्यों को जी-भरकर निहारा। करसड़ा के कूड़ा निस्तारण संयंत्र को सराहा और इसे अतिशीघ्र चालू कराने को कहा।
टीम सुबह सात बजे श्रीकाशी विश्वनाथ पहुंची व बाबा का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। बाद में बीएचयू गए जहां कुलपति प्रो.राजीव संगल से मुलाकात की। यहां से करसड़ा स्थित सालिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां भीमकाय प्लांट को देख वे आश्चर्य से भर गए। बोले, यह बहुत बड़ा प्लांट है और बेहद शानदार भी। इसे चालू किया जाए। नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि क्योटो में तो छोटे-छोटे प्लांट हैं। बात दीगर है कि उनकी संख्या एक दर्जन के करीब है। हालांकि ये छोटे प्लांट जनहित में बेहद उपयोगी होते हैं। यूं समझिए कि पर्यावरण के अच्छे दोस्त होते हैं। इसमें सालिड वेस्ट से ईधन के लिए गोटियां बनाई जाती हैं। वहीं री-साइकल होने वाले वेस्ट के प्रोसेसिंग के लिए अलग प्लांट होता है। बताया कि यह छोटा प्लांट होता है लेकिन इसकी बहुआयामी उपयोगिता होती है। विविध प्रकार की मशीनें लगाई जाती हैं। कम क्षेत्रफल में प्लांट लग जाता है। इसमें मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाकर प्लांट का बेहतर प्रबंधन किया जाता है।
.....
प्लांट को नई तकनीक की जरूरत
महापौर रामगोपाल मोहले ने क्योटो के उप महापौर के.ओगासावारा को करसड़ा प्लांट के बाबत पूरी जानकारी दी। बताया कि पीपीपी माडल के तहत इसका संचालन होता है। तकनीकी पेंच के कारण वर्तमान में प्लांट का संचालन ठप है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से मिली तकनीकी जानकारियों के बाद क्योटो के उप महापौर ने प्लांट को नई तकनीक से संचालित करने का सुझाव दिया। इसके लिए जापान की ओर से सहयोग का विश्वास दिलाया। महापौर ने भी उप महापौर के सुझावों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग प्रस्ताव पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
......
घाट व गलियों को भी जाना
सुबह साढ़े पांच बजे जापानी दल आरपी घाट पहुंचा। वहां नगर निगम की नाव से अस्सी घाट गए। फिर लौटकर दशाश्वमेध घाट का निरीक्षण किया। नौका बिहार के दौरान जापानी दल ने सुबह-ए-बनारस को देखा। टीम ने गंगा घाट व बनारस की गलियों को भी देखा और समझा।
.....
बाबा दरबार में जोरदार स्वागत
सुबह सात बजे दर्शन के दौरान श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार में क्योटो के उप महापौर के. ओगासावारा का जोरदार स्वागत हुए। अपर मुख्य कार्यपालक पीएन द्विवेदी ने उन्हें रुद्राक्ष की माला व अंगवस्त्र भेंट किया।
.....
भारत-जापान मैत्री केंद्र सक्रिय
भारत-जापान मैत्री केंद्र व स्वर्गीय गुलाब कली स्मृति सेवा संस्थान ने रिश्तों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ठोस व कारगर पहल की है। केंद्र के प्रतिनिधिमंडल ने क्योटो के उपमहापौर के.ओगासावारा से संस्कृति, शिक्षा व पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में विस्तार से चर्चा की। यह तय किया गया कि जल्द ही केंद्र का एक उच्चस्तरीय दल जापान का दौरा करेगा। क्योटो के उप महापौर से मिलने वाले दल में श्रीकांत दास, वीडीए के पूर्व सचिव सतीश चंद्र मिश्र, अशोक तिवारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
--------------------
भारतीय व्यंजनों का उठाया लुत्फ करसड़ा प्लांट का निरीक्षण कर जापानी दल ने दोपहर का लंच नदेसर स्थित होटल गेटवे में किया। इस दौरान जापानी व्यंजनों संग भारतीय व्यंजन भी परोसे गए थे। इस लिस्ट में सभी प्रकार की रोटियां, दाल, चावल, सब्जी, बाटी-चोखा आदि व्यंजन थे। दल ने सभी भारतीय व्यंजनों को चखा लेकिन चावल व सब्जी को छक के खाया। करीब दो बजे दल होटल से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया।