श्रीकृष्ण लीला की झांकियों से सड़कों पर उतरा द्वापर
वाराणसी : ज्योति पर्व श्रृंखला के तीसरे दिन कार्तिक अमावस्या पर काशीवासियों ने प्रभु राम की अगवानी म
वाराणसी : ज्योति पर्व श्रृंखला के तीसरे दिन कार्तिक अमावस्या पर काशीवासियों ने प्रभु राम की अगवानी में दीप जलाया तो चौथे दिन शुक्रवार को श्रीकृष्ण लीला की झांकियों से सड़कों पर द्वापर उतर आया। यादव बंधुओं ने पारंपरिक लोक कलाओं के जरिए शौर्य प्रदर्शन किया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य को स्वजनों का सम्मान किया। समाज उत्थान व सेवा का संकल्प लिया और गोवर्धन पूजनोत्सव मनाया।
बेनियाबाग स्थित रामसिंह अखाड़ा से दोपहर में बलराम-श्रीकृष्ण की शोभायात्रा निकाली गई। परिवहन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने इसका उद्घाटन किया। इसके साथ ही सड़क पर निकल पड़े हाथी, ऊंट, घोड़ा और सैकड़ों लाग-विमान। केसरिया साफा बांधे यादव बंधुओं ने 'हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की' उद्घोष से गुंजा दिया जमीन से आसमान। पारंपरिक लट्ठबाजी, मनरी कला व अग्नि कला का प्रदर्शन किया। आसपास की छतों पर खड़े श्रद्धालुओं ने अनूठी झांकियों का दर्शन किया और फूल बरसाए। कुछ ही देर में बेनियाबाग से लहुराबीर, मैदागिन, मुकीम गंज होते राजघाट तक की सड़क केसरिया साफाधारियों से पट गई।
खिड़किया घाट (डा. रामनोहर लोहिया घाट) के विशाल मंच पर विधि विधान से गोवर्धन पूजा की गई। बतौर मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव ने समाज के विकास के लिए एकता पर जोर दिया। कहा कि मिलजुल कर हर बच्चे को शिक्षा के लिए कटिबद्ध होना होगा। खुद सक्षम बनने पर ही सर्व समाज के गरीबों मजबूरों की सेवा की जा सकेगी। इससे ही प्रदेश और देश में समृद्धि आएगी। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सतीश फौजी (समाज सेवा), आइएएस राहुल यादव (शिक्षा), पूनम यादव व डा. संध्या यादव (खेल), बीबी यादव (पत्रकारिता), डा. एके यादव (चिकित्सा), कवि विष्णु यादव (कला) को गोवर्धनश्री सम्मान दिया गया। बीएचयू के हृदय रोग विशेषज्ञ डा. ओम शंकर को अलखनाथ यादव सामाजिक प्रतीक सम्मान प्रदान किया गया। बिरहा सम्राट हीरालाल यादव व जवाहर लाल यादव ने लोक गीतों से विभोर किया। संयोजन गोवर्धन पूजा समिति, अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सतीश फौजी, संचालन महामंत्री जयप्रकाश यादव व धन्यवाद ज्ञापन गोपाल यादव ने किया। पूर्व विधायक डा. शिवनाथ यादव व राजित प्रसाद यादव, अमरनाथ यादव, डा. उमा शंकर यादव, मीनाक्षी यादव, जितेंद्र यादव, विजय यादव, डा. राजेश यादव आदि ने विचार व्यक्त किए। जज एमपी सिंह यादव, मुन्नालाल यादव, जंत्रलेश्वर यादव, मनोज यादव गोलू, शोभनाथ यादव आदि थे।