पत्नी को बचाने पति भी कुएं में कूदा
वाराणसी : लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में शनिवार की शाम रुपये को लेकर पति-पत्नी आपस में झगड़ गए। नाराज पत्नी ने घर से बाहर कुएं में छलांग लगा दी तो उसे बचाने के लिए पति को भी पीछे कूदना पड़ा। गांव वालों ने दोनों को बाहर निकालकर बचा लिया।
खेती-किसानी करने वाले अंजय राजभर (28 वर्ष) की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इससे पत्नी अनुजा (22 वर्ष) खुश नहीं थी। रुपये को लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। परिवार के लोगों के बीच-बचाव से मामला शांत हो जाता था। शनिवार की शाम को एक बार फिर दम्पति के बीच विवाद हुआ। इस बार बात कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गयी। अनुजा ने कुएं में कूदकर जान देने की धमकी दी। पति ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। तभी वह घर से बाहर निकली और पास में मौजूद कुएं में जाकर कूद गयी। अंजय भी उसके पीछे-पीछे कूप में कूद गया। आसपास के लोगों जानकारी हुई तो रस्सी आदि के सहारे दोनों को बाहर निकाला। कूएं में गिरने से दोनों चोटिल हो गए हैं।