चक्का जाम के बाद मलजल से मिली राहत
वाराणसी : शिकायतों के प्रति जलकल की कार्यवाही जनता के प्रति उसकी उदासीनता की गवाही दे रहा है। खासकर वरुणापार इलाके का हाल बेहद खराब है। सरसौली के लोग 15 दिनों से इलाके में सीवर ओवरफ्लो से मलजल पसरे होने की शिकायत कर रहे थे लेकिन अधिकारियों के कान में जू नहीं रेंगा।
आखिरकार सोमवार को जनता गुस्से से भर गई और दर्जनों महिलाओं ने भोजूबीर-महाबीर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही जलकल के अधिशासी अभियंता बीके सिंह के होश उड़ गए। उन्होंने सफाई कर्मियों संग मशीन भेजी तो इलाके में सीवर से थोड़ी राहत जरूर मिली। हालांकि जहां पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है उसकी मरम्मत नहीं हुई। अधिकारियों ने इसे मंगलवार तक समस्या दूर कर देने का विश्वास दिलाया। बताते हैं कि सुबह 10 बजे भाजपा नेता कुसुम सिंह पटेल के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं सड़क पर आ गई और चक्का जाम करते हुए जलकल के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। आरोप लगाया कि अधिकारियों पर किसी प्रकार का अंकुश नहीं रह गया है। मनमाना कर रहे हैं। इलाके में सफाई कर्मी नहीं आता। आए दिन सीवर ओवरफ्लो करता है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होती। करीब एक घंटे लगे जाम को स्थानीय पार्षद राजेंद्र पटेल व पार्षद पति अशोक मौर्या ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। जाम करने वालों में दिलीप, उर्मिला देवी, तारा देवी, प्रमिला देवी समेत दर्जनों लोग शामिल थे।