दशाश्वमेध घाट पर महिला कांवरिया संग छेड़खानी, मारपीट
जागरण संवाददाता, वाराणसी : दशाश्वमेध घाट पर बुधवार की सुबह एक महिला कांवरिया संग छेड़खानी को लेकर मारपीट हो गई। मौके से दो मनबढ़ों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घाट पर कांवरियों का एक दल स्नान कर रहा था। इसी बीच दल में शामिल महिला पर कुछ मनचले फब्तियां कसने लगे। महिला ने विरोध किया तो मनचले हमलावर हो गए और उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। कांवरियों ने विरोध किया तो हमलावर उनसे भी भिड़ गए। मारपीट में कांवरिया सुनील यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घाट पर भगदड़ मच गई। हंगामे के बीच जल पुलिस बीच बचाव करने में जुट गई। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना एसएसपी को दे दी। कप्तान के निर्देश पर सक्रिय हुई दशाश्वमेध पुलिस ने डोमरी निवासी राकेश साहनी व मुंशी घाट के भोला सेठ को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य हमलावर नाव से उस पार भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आए दिन घाट पर मनबढ़ ऐसी घटनाएं करते रहते हैं लेकिन पुलिस मूक दर्शक बनी रहती है।