मिश्रा कालोनी मोड़ का गड्ढा बना जानलेवा
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज : मिश्रा कालोनी झंडे वाले चौराहे वाले मोड़ पर तमाम बड़े बड़े जानलेवा गड्ढे वाहन
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज : मिश्रा कालोनी झंडे वाले चौराहे वाले मोड़ पर तमाम बड़े बड़े जानलेवा गड्ढे वाहन सवारों के लिए बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। इन गड्ढों की वजह से रोजाना यहां पर जाम लगा रहता है। गड्ढों में पड़ते ही वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। जिससे यहां का यातायात बाधित रहता है। रोजाना ड्यूटी के समय यहां पर यातायात का फंसाव रहता है। लोगों को गलियों व अन्य रास्तों से होकर आवागमन करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों की मानें तो करीब एक साल पहले सड़क का निर्माण हुआ है। निर्माण के महीने भर के बाद से ही झंडेवाले चौराहे के मोड़ पर सड़क पर कई बड़े बड़े गड्ढे हो गए। जिसमें पड़ते ही वाहन खराब हो जाते हैं। किसी वाहन की कैंची टूट जाती है तो किसी का एक्सल टूट जाता है। यह समस्या लगभग 10 माह से लोग झेल रहे हैं। स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने बताया कि कई बार यहां पर बाइक सवार गिर कर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। बाइक में पीछे बैठी महिलाएं और कई युवतियां तक गड्ढे में बाइक पड़ कर उछलने से सड़क पर गिर कर चुटहिल हो चुकी हैं।
राहगीरों ने बताया कि पुराने गंगापुल से आवागमन करने वाले वाहन सवारों को इसी झंडे वाले चौराहे के मोड़ से होकर गुजरना पड़ता है। गड्ढों को बचाने के चक्कर में वाहनों की रफ्तार थम जाती है। तब तक दूसरी ओर से आने वाले यातायात का भार बढ़ जाता है। जिससे यहां पर जाम की समस्या बनी रहती है।