मध्याह्न भोजन में मिली गड़बड़ी
जागरण संवाददाता, उन्नाव : श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों को मध्याह्न भोजन दिए जाने की योजना संचालित
जागरण संवाददाता, उन्नाव : श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों को मध्याह्न भोजन दिए जाने की योजना संचालित की जा रही है। लेकिन श्रमिकों को कागज पर ही भोजन मिल रहा है। इसका खुलासा सहायक श्रमायुक्त द्वारा दही चौकी क्षेत्र में किए गए निरीक्षण में हुआ।
उपश्रमायुक्त शक्ति सेन मौर्या इस योजना की हकीकत जानने दही चौकी पावर हाउस पहुंचे। जहां उन्हें कागज पर आधा सैकड़ा श्रमिकों को भोजन पैकेट देना दर्ज था लेकिन मौके पर एक ही पंजीकृत मजदूर मिला। श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों को मध्याह्न भोजन के लिए दस रुपया जमा करना पड़ता है। शेष धन सरकार वहन करती है। यह योजना उन संस्थानों में लागू है जहां पचास से अधिक पंजीकृत श्रमिक काम कर रहे हैं। उप श्रमायुक्त मौर्य ने निरीक्षण में पाया कि चालीस टिफिन बताए गए लेकिन आपूर्ति कर्ता श्रमिकों की सूची उपलब्ध नहीं करा पाए। उपायुक्त ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी संजय शुक्ल व अनिल दीक्षित को निर्देश दिया है कि वह तीन दिनों तक भोजन वितरण पर नजर रख कर अपनी रिपोर्ट दें। उन्होंने संस्थानों से श्रमिकों की सूची और मध्याह्न भोजन प्रबंध की रिपोर्ट मांगी है।