कार्यकाल खत्म पर रुतबा रहेगा कायम
जागरण संवाददाता, उन्नाव : प्रदेश की सभी निकायों का कार्यकाल जुलाई माह में खत्म हो रहा है। प्रमुख
जागरण संवाददाता, उन्नाव : प्रदेश की सभी निकायों का कार्यकाल जुलाई माह में खत्म हो रहा है।
प्रमुख सचिव कुमार कमलेश ने इस आशय का आदेश जारी कर दिया है। जिले में बांगरमऊ, गंगाघाट, उन्नाव नगर पालिका और 15 नगर पंचायतें हैं। सभी का कार्यकाल 30 जुलाई तक खत्म हो जाएगा। फिलहाल नगर निकाय चुनाव नहीं हो रहे हैं इसे देखते हुए प्रमुख सचिव ने आदेश जारी किया है कि नगर पंचायतों और नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारी प्रशासनिक अधिकारी के रूप में रहेंगे और वर्तमान बोर्ड के सदस्य सलाहकार बोर्ड सदस्य होंगे। इन्हीं के परामर्श और बहुमत के आधार पर नगर पालिका के जन कल्याणकारी काम करेंगे। सलाहकार समिति सदस्य होंगे वह विकास कार्यो का पर्यवेक्षण पूर्ववत करते रहेंगे। नगर पालिका के खाते का संचालन वर्तमान अध्यक्ष और अधिशाषी अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षरों से किया जाएगा। सलाहकार समिति सदस्यों की सलाह सभी कार्यों में अनिवार्य होगी। नगर पालिका या नगर पंचायत बोर्ड का कार्यकाल खत्म होने के बाद सलाहकार के रूप में काम करने वाले अध्यक्ष और सदस्यों को किसी तरह का मानदेय आदि नहीं मिलेगा।