एक गली में दो बार लूट का प्रयास
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : गंगाघाट थानाक्षेत्र में लुटेरों के हौसले कितने बुलंद हैं इस बात का आंकलन श
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : गंगाघाट थानाक्षेत्र में लुटेरों के हौसले कितने बुलंद हैं इस बात का आंकलन शनिवार की रात नेहरूनगर मुहल्ले में हुई घटना से लग जाता है। लुटेरों ने एक युवक से सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। राहगीरों के विरोध करने पर लुटेरे भाग निकले। इस घटना से कुछ ही देर बाद उन्होंने फिर से उसी स्थान पर एक वृद्ध से लूट का प्रयास किया। इस बार भीड़ ने उन्हें पकड़ कर लात घूसों से धुन भी दिया पर शातिर बदमाश भीड़ से बच कर भाग निकले। पीड़ितों ने घटना के संबंध में थाना पुलिस से शिकायत करने की बात कही है।
थानाक्षेत्र के नेहरूनगर निवासी श्याम गुप्ता के अनुसार उनका कानपुर निवासी भांजा अनूप पुत्र ओमप्रकाश शनिवार की रात करीब दस बजे उनके घर आने के लिए टेंपो से निकला था। राजधानी मार्ग पर उक्त मुहल्ले के सामने टेंपो चालक ने वाहन रोका और युवक नीचे उतर कर घर जाने के लिए गली में घुस गया। अभी वह घर से कुछ ही दूरी पर था कि पीछे से आए दो बदमाशों ने उसकी गले में पड़ी सोने की चेन छीनने के लिए झपट्टा मारा। इस बीच युवक ने एक लुटेरे का हाथ पकड़ लिया और शोर मचा दिया। भीड़ को अपनी ओर आता देख दोनों युवक को धक्का मार कर भाग निकले। युवक किसी तरह अपने मामा के घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस घटना के करीब 15 मिनट बाद ही एक वृद्ध हाथ में बैग लेकर यहां से गुजर रहा था कि दो लुटेरों ने उसे रोक कर उससे बैग छीनने लगे। तभी वृद्ध ने शोर मचाया तो लोगों इस बार दोनों लुटेरों को घेर कर लात घूसों से पीट दिया। हालांकि, बाद में दोनों भीड़ को चकमा देकर फिर से गलियों में भाग निकले। मुहल्ला वासियों के अनुसार गश्त न होने के कारण लुटेरों के हौसले बुलंद हैं।