चाभी न देने पर चोरों ने महिला को छत से फेंका
अचलगंज संवाद सूत्र : अचलगंज थाना क्षेत्र के जमुका गांव में गुरुवार रात चोरों ने एक वृद्धा के घर पर
अचलगंज संवाद सूत्र : अचलगंज थाना क्षेत्र के जमुका गांव में गुरुवार रात चोरों ने एक वृद्धा के घर पर धावा बोला। बक्से का ताला तोड़ कर उसमें रखी नकदी और चांदी के जेवरात बीन लिया। अलमारी न खुलने पर चोरों ने सो रही वृद्धा को जगाकर अलमारी की चाभी मांगी न देने पर चोरों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि चोर चाभी निकाल रहे थे नींद खुलने पर अजनवी देख वह हड़बड़ाहट में छत से नीचे आ गिरी। घायल वृद्धा को सीएचसी अचलगंज ले जाया गया जहां से उपचार के बाद एक्सरे के लिए अस्पतल भेज दिया गया।
स्व. रामकिशोर की पत्नी शिवरानी के दो लड़के खाड़ी देश में रहकर कमाई कर रहे हैं। वह यहां बड़े बेटे की पत्नी के साथ रहती है। गुरुवार को बड़ी बहू अपने मायके असरेंदा चली गई थी। शिवरानी घर मे अकेली थी। गुरुवार रात लगभग दो बजे चोरों ने उसके घर पर धावा बोला। पिछवाड़े से चढ़कर चोर छत का जीना खोल घर में घुसे वहां रखे बक्सों का ताला तोड़ उसमें रखे चांदी के जेवरात निकाल लिए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लाकर खोलने का प्रयास किया पर नाकाम रहे। इस पर चोर चुपके से छत पर सो रही गृहस्वामिनी के निकट पहुंच तकिया के नीचे से चाभी निकालने लगे। इस बीच शिवरानी जग गई। चोरों ने उसे दबोच लिया और जबरन चाभी मांगने लगे। वृद्धा ने शोर मचा दिया इस पर चोरों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया और वहां से भाग निकले। शोर सुन गांव के लोगों ने चोरों को दौड़ाया। आसपास के खेतों और जंगल में तलाश की पर चोर भागने में सफल रहे। घायल वृद्धा को लेकर देवरानी भगवानदेई ग्रामीणों की मदद से अचलगंज थाने ले गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे उपचार के लिए सीएचसी भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक्सरे के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना की रिपोर्ट घायल वृद्धा की देवरानी भगवानदेई ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध दर्ज कराई है। थाना अध्यक्ष अरुण सिह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन्होंने ने बताया कि घायल महिला का बयान लिया है उसने बताया है कि चोर चाभी निकाल रहे थे तभी नींद खुली चोर देख भागने का प्रयास किया जिसमें हड़बड़ाहट में छत से गिर गई। उन्होंने बताया कि चोर ढाई हजार रुपये और चांदी के जेवरात ही ले जा पाए हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि घटना का खुलासा कर चोरों को जेल भेजा जाएगा।
पुलिस की निष्क्रियता से बदमाश दे रहे घटनाओं को अंजाम
जमुका के मजरे टीका खेडा निवासी बच्चू लाल पाल के यहां 18 मई की रात बदमाशों ने धावा बोल कर ढाई लाख की नकदी व साढे तीन लाख के जेवरात लूटे गये। वहीं गृहस्वामी को मार पीट कर अधमरा कर दिया था। घटना के ढाई माह बीतने के बाद भी इसका खुलासा करने में अचलगंज पुलिस नाकाम रही है। ग्रामीण इस घटना को भी उसी से जोड़ कर देख रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले बुलंद है। पूर्व की घटना का अनावरण हो जाता तो शायद यह वारदात करने का बदमाशों का साहस न होता। इतना ही नहीं पुलिस ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए कोरारी खुर्द, अमरसस, पचोड्डा आदि की चोरियों को फाइनल रिपोर्ट लगाकर दफनाया जा चुका है।