सज-धज कर जलने को तैयार होलिका
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : होली के पर्व पर नगर में लोगों ने धूम-धाम से तैयारिया की। नगर में ग्रामीण इ
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : होली के पर्व पर नगर में लोगों ने धूम-धाम से तैयारिया की। नगर में ग्रामीण इलाकों सहित करीब एक सैकड़ा से अधिक स्थानों पर होलिका दहन का आयोजन किया। पुल के नीचे होलिका का पुतला बना होलिका दहन की तैयारियां की गईं।
गुरुवार को होलिका दहन के अवसर पर चारों ओर खुशियों का माहौल रहा। मोहल्लों में लोगों ने चंदा कर लकड़ी खरीद कर लकड़ियों के ऊंचे ऊंचे ढेर लगा कर होलिका दहन किया। जानकारों के अनुसार होलिका दहन का मुहूर्त रात 8.52 से रात 11.08 बजे तक के बीच में था। हालांकि, इस शुभ समय के बाद भी कई जगहों पर होलिका दहन की जाती रही। लोगों ने दहन के समय जमकर नाचा और फाग गीत गाए। लोगों ने रंगीन पन्नी, पतंग, फूल माला से होलिका सजाई और कई जगहों पर दहन के लिए होलिका का पुतला भी बनाया गया। इस दौरान मारवाड़ी रीति रिवाज के अनुसार महिलाओं ने दिन में भी होलिका की पूजा की और प्रसाद चढ़ाया। होलिका को जलाने का उत्साह खासकर बच्चों में देखने को मिला। क्षेत्र के बड़े बूढ़ों के साथ बच्चे भी लकड़ी की खरीददारी करने के लिए गए और अपने हाथों से होलिका सजाई। होलिका दहन के दौरान छोटों ने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
खूब बिका गन्ना
गुरुवार को होली के दिन बाजारों में गन्ने की खरीदारी को लेकर खासी भीड़ देखने को मिली। बाजारों में 15 रुपए से लेकर 25 रुपए तक का गन्ना बिका। इस दौरान राजधानी मार्ग, पोनी रोड पर काफी भीड़ रही जिससे बार-बार जाम लगता रहा।
रंग,अबीर गुलाल व पिचकारी की हुई खरीदारी
होली त्योहार को लेकर नगर के बाजारों में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने दिन भर जमकर रंग, अबीर, गुलाल व पिचकारी की खरीदारी की। लोगों ने बताया कि मंहगाई के कारण इस वर्ष पिछले साल से ज्यादा रंग व पिचकारियां मंहगी बिकी।