संदिग्ध हालात में रिक्शा चालक का शव मिला
उन्नाव, जागरण संवाददाता: शहर के बड़े चौराहे पर रिक्शा चालक का शव उसी के रिक्शे में पड़ा पाया गया है। प
उन्नाव, जागरण संवाददाता: शहर के बड़े चौराहे पर रिक्शा चालक का शव उसी के रिक्शे में पड़ा पाया गया है। पुलिस का मानना है कि ठंड लगने से उसकी मौत हुई जबकि आम चर्चा जहरखुरानी में मौत होने की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर के मोहल्ला बुधवारी निवासी पुत्तन 55 वर्ष पुत्र स्व. श्यामू रिक्शा चलाता था। गुरुवार को वह रिक्श चलाने निकला था। बड़ा चौराहा के निकट वह रिक्शे में पड़ा था। राहगीरों की सूचना पर चौराहा ड्यूटी पर मौजूद सिपाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहगीरों पप्पू और अशोक की मदद से उसे जिला अस्पताल भेजा जहां डाक्टर ने मृत अवस्था में लाया जाना बताया। मृतक जब घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रिक्शा चालक का शव मिलने की सूचना पर शव विच्छेदन गृह पहुंची पत्नी बेला ने शव की पहचान की। पुलिस का मानना है कि ठंड लगने से उसकी मौत हुई है। वहीं दूसरी ओर एक यह भी चर्चा है कि वह जहरखुरानी का शिकार हुआ जिसमें उसकी जान चली गई। मृतक पांच बच्चों का पिता था इनमें चार बेटियां और एक बेटा है।