नई इंटरसिटी चलाए जाने से सफर हुआ आसान
उन्नाव, जागरण संवाददाता: फैजाबाद अनवरगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस के चलाए जाने से उन्नाव के यात्रियों में
उन्नाव, जागरण संवाददाता: फैजाबाद अनवरगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस के चलाए जाने से उन्नाव के यात्रियों में खुशी है। उनका कहना है कि इस नई ट्रेन के चल जाने से यहां के यात्रियों को फैजाबाद तक जाने के लिए सफर काफी आसान हो गया है। इस ट्रेन के चलने से कानपुर व अनवरगंज जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
स्टेशन अधीक्षक विश्राम ने बताया कि यह ट्रेन सुबह लगभग 5:10 बजे फैजाबाद रेलवे स्टेशन से चलकर सुबह लगभग 9:25 बजे उन्नाव रेलवे स्टेशन आएगी। यहां पर दो मिनट के स्टाप के बाद यहां से चलकर सुबह लगभग 9:55 बजे कानपुर पहुंचेगी। जहां से चलकर सुबह लगभग 10:15 बजे के करीब अनवरगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में यह दोपहर लगभग 12:50 बजे अनवरगंज रेलवे स्टेशन से चलकर 1:05 बजे कानपुर स्टेशन पहुंचेगी जहां से चलकर दोपहर लगभग 1:30 बजे उन्नाव स्टेशन पहुंचेगी। जहां से चलकर फैजाबाद जाएगी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन बीते सोमवार से चल रही है।
उधर यात्रियों में राजू, योगेश, रीतू आदि ने इस ट्रेन के चलने पर खुशी जताई है। दैनिक यात्री जिला संघ ने रेल मंत्रालय के द्वारा इस ट्रेन को चलाए जाने का स्वागत करते हुए कहा है कि इस नई इंटरसिटी एक्सप्रेस के चलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। यात्री संघ के जिला अध्यक्ष मुर्तजा हैदर रिजवी ने कहा कि इस ट्रेन से अब उन्नाव के लोग अयोध्या जैसे धार्मिक स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इसके अलावा अन्य स्थानों तक जाने वाले यात्रियों को सफर भी आसान हो गया है।