ट्रैक्टर की टक्कर से श्रमिक घायल
उन्नाव, जागरण संवाददाता: रविवार शाम दही चौकी के निकट बाइक सवार श्रमिक को उल्टी दिशा में जा रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच कानपुर से लखनऊ जा रहे सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी ने अपना काफिला रुकवा कर घायल को जिला अस्पताल भेजने का प्रबंध किया। इस बीच सांसद का स्कार्ट मौके पर तब तक रुका रहा जबतक घायल जिला अस्पताल के लिए रवाना नहीं हो गया।
रविवार को मांखी थाना क्षेत्र के गांव बिरची निवासी ठाकुर प्रसाद (40) पुत्र मनोहर दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित किसी फैक्ट्री में श्रमिक हैं। शाम फैक्ट्री से छूटने के बाद ठाकुर बाइक से वापस लौट रहा था तभी गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे ठाकुर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच वहां से गुजर रहे कानपुर के सांसद मुरली मनोहर जोशी की निगाह दुर्घटना पर पड़ी। इसपर उन्होंने अपने काफिले को रोक कर घायल को जिला अस्पताल भेजने के लिए कहा। इसपर उन्होंने अपने स्कार्ट को वहीं पर रोक दिया और खुद आगे के लिए रवाना हो गए। सूचना पर दही चौकी पुलिस मौके पर पहुंचे दही चौकी प्रभारी केपी सिंह ने घायल श्रमिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत अब सामान्य बतायी जा रही है।