2076 अशक्तों को उपकरण बांटेंगे सांसद वरुण गांधी
सुल्तानपुर : जिले की सभी विस क्षेत्रों में शिविर लगाकर 2076 अशक्तों का परीक्षण कर पंजीयन किया गया है। उन्हें एक माह के भीतर सांसद वरुण गांधी के हाथों उपकरण बांटा जाएगा। यह जानकारी जिलाध्यक्ष करुणाशंकर द्विवेदी ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस-वार्ता में दी।
पार्टी की ओर से पांचों विस क्षेत्रों में आयोजित शिविर को सफल बताते हुए उन्होंने कहा कि सांसद वरुण गांधी ने विकलांगों को उपकरण देने के लिए पंजीकरण व परीक्षण कराकर अच्छी पहल की है। शिविर में पंजीकृत 2076 विकलांगों को माहभर में सांसद गांधी स्वयं उपकरण बांटेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा से जुड़ी कुछ अन्य योजनाओं का लाभ शीघ्र ही जिलेवासियों को प्रदान किया जाएगा। इससे पूर्व डॉ.सीताशरण त्रिपाठी ने शिविर में पंजीकृत अशक्तों का विस क्षेत्रवार व्यौरा बताया। कहा कि पंजीकृत अशक्तों को उनकी जरूरत के माफिक उपकरण दिए जाएंगे। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए प्रभारियों, पदाधिकारियों व बूथ कार्यकर्ताओं का आभार जताया। प्रेस-वार्ता के दौरान क्षेत्रीय मंत्री रामेश्वर, जिला उपाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, ओमप्रकाश पांडेय, हृदयराम वर्मा, विजय सिंह रघुवंशी, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।