बारह डिग्री पर पहुंचा पारा, बढ़ी ठंड
सुलतानपुर : दिसंबर के पहले हफ्ते में ही जबरदस्त सर्दी का एहसास होने लगा है। गत तीन दिनों से लगातार प
सुलतानपुर : दिसंबर के पहले हफ्ते में ही जबरदस्त सर्दी का एहसास होने लगा है। गत तीन दिनों से लगातार पड़े घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रेल व सड़क यातायात विपरीत मौसम के चलते प्रभावित है। कई प्रमुख रेलगाड़ियां निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं। शुक्रवार/शनिवार की रात कोहरा इतना अधिक था कि दस फीट तक भी नहीं दिखाई पड़ रहा था। इससे सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। गंतव्य तक पहुंचने में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शनिवार को सुबह कोहरा छंट गया लेकिन दिनभर बदली छाई रही। धूप न निकलने से न्यूनतम पारा लुढ़ककर बारह डिग्रीसेल्सियस पर पहुंच गया। जिससे ठंड में इजाफा हो गया। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे हुए सड़कों पर जाते हुए नजर आए। सर्दी की पूरी तरह से शुरुआत हो चुकी है, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन के अलाव शहर समेत पूरे जिले में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा रेन बसेरों की भ कहीं व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे गरीब-गुरबों को विपरीत मौसम दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं।
देरी से चल रहीं लंबी दूरी की ट्रेनें
कोहरे व धुंध से रेलगाड़ियों के संचालन पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है। लखनऊ-वाराणसी व इलाहाबाद-फैजाबाद रेलखंड की करीब आधा दर्जन लंबी दूरी की ट्रेनों की समय सारिणी गड़बड़ा गई है। गाजीपुर सिटी से आनंदविहार दिल्ली को जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस शुक्रवार की रात निर्धारित समय से पांच घंटे, शनिवार को अमृतसर-हावड़ा आठ घंटे, अप बेगमपुरा एक्सप्रेस छह घंटे, सुपर फास्ट श्रमजीवी व सदभावना एक्सप्रेस दो-दो घंटे लेट रहीं। उधर, खराब ²श्यता के कारण लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर भोर से ही वाहनों की लंबी कतार लगी रही। भदैयां ब्लाक के लोहरामऊ से लेकर अमहट चौराहे तक करीब पांच घंटें हाइवे जाम रहा। लक्ष्मणपुर चौकी पर तैनात सिपाहियों ने काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
अभी और बढेगा जाड़ा
नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज फैजाबाद के मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 21 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम पारा बारह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। वायुमंडल नमी अधिकतम 98 व न्यूनतम 82 रही। 2.9 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दक्षिणी-पश्चिमी हवाएं चलीं। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि रविवार को भी बदली रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों में जाड़ा अभी और बढ़ेगा।