पुरवाई से बदला मौसम का मिजाज
सुलतानपुर : मौसम का मिजाज मंगलवार को बदल गया। पुरवाई चलने से आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। जिससे पार
सुलतानपुर : मौसम का मिजाज मंगलवार को बदल गया। पुरवाई चलने से आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। जिससे पारा लुढ़क गया, लेकिन उमस बढ़ गई। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी मौसम का मिजाज कमोवेश ऐसा ही रहेगा।
मंगलवार को हवाओं का रुख बदलने से मौसम परिवर्तित हो गया। आसमान में सुबह से ही हल्के-मध्यम बादल मंडराने लगे। जिससे तापमान में गिरावट आई साथ ही साथ लू के गर्म थपेड़ों से भी लोगों को फौरी तौर पर राहत मिल गई। लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से लोग उमस से बेचैन हो उठे। दिनभर लोग पसीने से तर-बतर होते देखे गए। गर्मी से राहत पाने के लिए शीतल पेयजल की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ रही। शहर में विभिन्न स्थानों पर खुले प्याऊ पर भी प्यास से व्याकुल लोग गला तर करने के लिए जमा रहे। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय फैजाबाद के मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 व न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 63 व न्यूनतम 39 रही। 7.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिणी-पूर्वी हवाएं चलीं।