नशाखोरी में वृद्ध ने दी थी जान
जयसिंहपुर : किसान की मौत फसल बर्बाद होने से नहीं बल्कि अधिक शराब पीकर आत्मदाह करने से हुई थी। घटना
जयसिंहपुर : किसान की मौत फसल बर्बाद होने से नहीं बल्कि अधिक शराब पीकर आत्मदाह करने से हुई थी। घटना के दिन वृद्ध ने अधिक शराब पी ली थी और अचानक मिट्टी का तेल छिड़ककर जान दे दी। एसडीएम की जांच के दौरान यह सच सामने आया।
क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी मथुरा प्रसाद (62) शहर के गनपत सहाय पीजी कालेज के सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मी थे। दो वर्ष पूर्व सेवा से अवकाश ग्रहण करने के उपरांत वे गांव में ही अन्य परिवारीजनों के साथ रहा करते थे। शनिवार की शाम वे रोजाना की तरह निकटवर्ती कस्बे में घूमने के लिए गए और फिर वे देर रात वापस लौटे। किसी मामूली बात पर खिन्न होकर उन्होंने डिब्बे में रखा केरोसिन शरीर पर उड़ेल लिया। जब तक परिवारीजन कुछ समझ पाते तब तक उन्होंने माचिस से आग लगा ली। लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। लेकिन वे गंभीर रूप से झुलस चुके थे। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एसडीएम जयसिंहपुर शिवबहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के घर जाकर जानकारी लेने पर जो सच सामने आया उससे पता चला कि मृतक ने शनिवार को अधिक शराब पी ली थी। किसी बात को लेकर वह खिन्न था। जिसके चलते उसने अपना आपा खो दिया और शरीर पर केरोसिन छिड़कर आग लगा ली। उसकी गेहूं की फसल को भी क्षति नहीं हुई है। परिजनों के बयान में भी यह बात सामने आई है कि अधिक शराब पीकर उसने अपनी जान दी।