'डीएम के गांव' में सुधरने लगी सेहत
सुल्तानपुर : जिलाधिकारी के अंगीकृत गांव कुड़वार में कुपोषित बच्चों की सेहत में सुधार आने लगा है। पिछ
सुल्तानपुर : जिलाधिकारी के अंगीकृत गांव कुड़वार में कुपोषित बच्चों की सेहत में सुधार आने लगा है। पिछले तीन महीने से गांव में स्वास्थ्य सुधार अभियान के तहत 22 बच्चों को आंशिक कुपोषण से निजात मिली है। अब वहां केवल बीस बच्चे आंशिक रूप से कुपोषित हैं। मंगलवार को गांव में लगी जिलाधिकारी की चौपाल में इसकी जानकारी हुई।
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने कुड़वार गांव को कुपोषित ग्राम के रूप में अंगीकृत किया था। कुड़वार संवादसूत्र के अनुसार, गांव में कुपोषितों की सेहत का देखभाल करने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। गत महीने में इस गांव में 42 बच्चे आंशिक रूप से कुपोषित थे। डीएम सिंह ने बताया कि बच्चों के खानपान का ख्याल रखकर कुपोषण से निजात दिलाने में मदद मिली है। अब तक 22 बच्चे आंशिक कुपोषण से बाहर आ गए हैं। बीस बच्चे अब भी आंशिक कुपोषित हैं, लेकिन उनके भी स्वास्थ्य में बेहतर सुधार हो रहा है। डीएम ने गांव में गर्भवती महिलाओं के सेहत की देखभाल की समीक्षा की। बताया गया कि 133 गर्भवती महिलाएं हैं, जिनमें 41 महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी है। डीएम ने महिलाओं की सेहत की देखभाल के लिए आशा बहू, आंगनबाड़ी व चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया। इस दौरान यह भी बताया गया कि किशोरियों की सेहत ठीक है, लेकिन उनमें खून की कमी न हो इसके लिए 685 किशोरियों को आयरन की गोली बांटी गई है। चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी श्रीकांत मिश्रा भी मौजूद रहे।